मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में आपसी रंजिश को लेकर दादा और पोती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। साहेबगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपट्टी वार्ड संख्या-3 में मंगलवार को एक युवक ने कथित तौर पर घर में घुसकर लोहे की खंती से दादा-पोती पर हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे मृतक के बेटे को भी गंभीर चोटें आई हैं।
मृतकों की पहचान 60 वर्षीय भोला अंसारी और उनकी पोती अनम खातून के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
खाना खाने के बाद कमरे में सो रहे थे दादा-पोती
बताया जा रहा है कि भोला अंसारी और उनकी पोती अनम खातून खाना खाने के बाद घर के एक कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान साहेबगंज थाना रोड निवासी वासिर मियां का 27 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अल्ताफ अंसारी कथित तौर पर लोहे की खंती लेकर घर में घुस गया।
आरोप है कि अल्ताफ ने भोला अंसारी पर हमला कर दिया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने उनकी पोती अनम खातून को भी निशाना बनाया। गंभीर रूप से घायल अनम को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे पर भी हमला
घटना के दौरान भोला अंसारी के 35 वर्षीय पुत्र मोहम्मद शमीम बीच-बचाव करने पहुंचे। इस दौरान वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, हमले के दौरान आरोपी अल्ताफ अंसारी के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
शमीम और आरोपी अल्ताफ को बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर किया गया। आरोपी को परिवार और स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ लिया गया, जिसके बाद पुलिस की निगरानी में उसका इलाज कराया जा रहा है।
मौके से लोहे की खंती बरामद
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी ग्रामीण राजेश सिंह प्रभाकर समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की खंती बरामद कर ली है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिजनों का फर्दबयान दर्ज किया जा रहा है।
पट्टीदारों के बीच आपसी रंजिश का मामला
एसपी ग्रामीण राजेश सिंह प्रभाकर के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद और रंजिश से जुड़ा हुआ सामने आया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी और पीड़ित परिवार आपस में पट्टीदार हैं।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि आरोपी अल्ताफ अंसारी ने कथित तौर पर घर में घुसकर भोला अंसारी पर हमला किया, जिसमें उनकी मौत हो गई। घटना में शमीम अंसारी घायल हुए हैं, जबकि भोला अंसारी की पोती अनम खातून की भी मौत हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी वजह का पता लगाने में जुटी है। साथ ही घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका रही है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: बाबा हरिगिरि धाम में कांवरियों पर SI ने बरसाए डंडे, वीडियो वायरल होने पर निलंबित!