हाजीपुर: रेलकर्मियों की विभागीय परेशानियों के समाधान के लिए पूर्व मध्य रेल ने सीधे संवाद का रास्ता खोला है। मंगलवार को हाजीपुर स्थित मुख्यालय में तीन रेलकर्मियों और उनके आश्रितों ने महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह से सीधे मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। महाप्रबंधक ने शिकायतों को सुनने के बाद संबंधित विभागों को तय समय-सीमा में कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया।
रेल प्रशासन की यह पहल इसलिए खास है, क्योंकि कर्मचारियों को अपनी विभागीय समस्याओं के लिए अब सीधे महाप्रबंधक के सामने अपनी बात रखने का अवसर मिल रहा है। इसके लिए हर मंगलवार को मुलाकात का दिन निर्धारित किया गया है।
मंगलवार को मुख्यालय पहुंचे रेलकर्मियों ने अपनी-अपनी समस्याओं और लंबित मामलों से महाप्रबंधक को अवगत कराया। शिकायतों को सुनने के बाद जीएम ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर त्वरित और समयबद्ध तरीके से निष्पादन करने का निर्देश दिया।
हर मंगलवार खुलेगा GM का दरबार
पूर्व मध्य रेल के अनुसार, रेलकर्मी अपनी विभागीय समस्या लेकर महाप्रबंधक से मुलाकात कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें पहले कार्मिक विभाग में अपना नाम पंजीकृत कराना होगा। पंजीकरण के बाद निर्धारित मंगलवार को महाप्रबंधक से मुलाकात कर समस्या सीधे उनके सामने रखी जा सकती है।
इस व्यवस्था का उद्देश्य रेलकर्मियों की समस्याओं को उच्च स्तर तक पहुंचाने के साथ-साथ उनके समाधान में अनावश्यक देरी को कम करना है। शिकायतों पर संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए समय-सीमा दिए जाने से कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
यानी अब रेलकर्मियों के लिए मंगलवार सिर्फ सप्ताह का एक और दिन नहीं, बल्कि अपनी विभागीय समस्या सीधे महाप्रबंधक तक पहुंचाने का मौका भी है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: गोपालगंज में 29 साल पहले हुई हत्या… आज अदालत ने सुनाया बड़ा फैसला, 6 आरोपी दोषी!