बांका/पटना: बिहार में सरकारी तंत्र के भीतर कथित भ्रष्टाचार पर निगरानी का शिकंजा कसता जा रहा है। मंगलवार सुबह लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता हरेन्द्र कुमार से जुड़े चार ठिकानों पर विशेष निगरानी इकाई यानी SVU ने एक साथ छापेमारी कर दी। मामला आय से अधिक संपत्ति से जुड़ा है।
बांका से लेकर पटना और वैशाली तक चली इस कार्रवाई ने अधिकारी की संपत्ति और कथित आय के बीच अंतर को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
बांका में ऑफिस और सरकारी आवास, पटना में मकान-फ्लैट खंगाला
SVU की टीम ने बांका स्थित कार्यपालक अभियंता के सरकारी आवास और कार्यालय में तलाशी ली। इसके साथ ही पटना के महावीर नगर स्थित जनक नंदिनी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 307 और बेउर चौराहा स्थित छह मंजिला मकान पर भी टीम पहुंची।
इतना ही नहीं, वैशाली के पातेपुर थाना क्षेत्र के सिमरवारा गांव स्थित एक परिसर को भी तलाशी के दायरे में रखा गया।
यानी जांच की आंच बांका से पटना और वैशाली तक पहुंच चुकी है।
रेड में मिले जमीन के 3 दस्तावेज
जांच एजेंसी के अधिकारी अविनाश कुमार के मुताबिक तलाशी के दौरान जमीन से जुड़े तीन दस्तावेज मिले हैं। हालांकि, इन दस्तावेजों की प्रकृति और उनसे जुड़ी संपत्ति का पूरा ब्योरा सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही सामने आएगा।
SVU की टीम दस्तावेजों के साथ-साथ संपत्ति और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
10 अगस्त को केस, 11 अगस्त को चार ठिकानों पर धावा
विशेष निगरानी इकाई के अनुसार, हरेन्द्र कुमार के खिलाफ 10 अगस्त को आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया। केस दर्ज होने के ठीक अगले दिन यानी 11 अगस्त को चार अलग-अलग स्थानों पर एक साथ तलाशी शुरू कर दी गई।
अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि अधिकारी की वैध आय के मुकाबले उनकी संपत्ति कितनी है और कहीं आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला तो नहीं है।
अब बैंक खाते और संपत्ति के कागजों की बारी
तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों की जांच के साथ SVU बैंक खातों, जमीन-मकान, निवेश और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड को भी खंगाल सकती है। जांच का असली फोकस यही है कि कमाई कितनी और संपत्ति कितनी?
फिलहाल कार्रवाई जारी है और तलाशी पूरी होने के बाद बरामदगी का विस्तृत ब्योरा सामने आने की उम्मीद है।
बड़ा सवाल यही है—सरकारी पद पर रहते हुए अर्जित संपत्ति और घोषित आय के बीच कितना अंतर है? SVU की जांच में इसका जवाब सामने आएगा।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: तेजप्रताप ने पहली बार बताया आखिर ऐश्वर्या से रिश्ता क्यों टूटा?