धनबाद: जंगल से निकले हाथियों के झुंड ने रविवार को हावड़ा-दिल्ली जैसे व्यस्त रेल मार्ग पर ट्रेनों की रफ्तार रोक दी। धनबाद रेल मंडल के केसवरी और चौधरीबांध स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक के पास हाथियों का झुंड पहुंच गया, जिसके बाद कई ट्रेनों को करीब आधे घंटे तक रोकना पड़ा।
घटना उस समय हुई जब कोल्हापुर से धनबाद आ रही दीक्षाभूमि एक्सप्रेस के चालक ने सुबह करीब 7 बजे चौधरीबांध स्टेशन के पास हाथियों की आवाज सुनी। चालक ने तुरंत ट्रेन रोककर कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही रेलवे ने एहतियात के तौर पर अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया। काफी देर तक हाथी रेलवे ट्रैक के आसपास घूमते रहे। इसके बाद जब हाथियों का झुंड आगे बढ़ा तो रेल परिचालन दोबारा शुरू किया गया।
हालांकि सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने कई घंटों तक ट्रेनों की रफ्तार सीमित रखी। सुबह करीब साढ़े सात बजे से दोपहर 12 बजे तक ट्रेनें अधिकतम 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं, जबकि इस रूट पर कई ट्रेनें इससे काफी ज्यादा गति से चलती हैं।
बताया जा रहा है कि हजारीबाग और कोडरमा सीमा के जंगलों से हाथियों का झुंड गिरिडीह की ओर बढ़ रहा है। हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए रेलवे ने पूरे सेक्शन में अलर्ट जारी कर दिया है।
एक तरफ ट्रैक पर खड़ी थीं ट्रेनें, दूसरी तरफ जंगल के मेहमान बेफिक्र घूम रहे थे। हाथियों के इस ‘रेलवे सफर’ ने यात्रियों को भी हैरान कर दिया।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: बोकारो के 3 लापता लोगों की तलाश में CID का देशव्यापी अभियान, जारी किया ह्यू एंड क्राई नोटिस!