हजारीबाग: हजारीबाग के बड़कागांव में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस और कुख्यात प्रिंस खान गैंग के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। गुप्त सूचना के आधार पर पहुंची पुलिस टीम पर अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में गैंग का एक सदस्य गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र में पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग के कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में सक्रिय हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस टीम अपराधियों के करीब पहुंची, बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई गोलीबारी से पूरा इलाका गूंज उठा और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
इस मुठभेड़ में गैंग का सदस्य सैयद मोहम्मद जीशान घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह भाग नहीं सका और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक जीशान हजारीबाग का रहने वाला है और पहले एनटीपीसी व लातेहार क्षेत्र में ड्राइवर का काम कर चुका है।
कोयला गाड़ियों पर फायरिंग में भी आया था नाम
पुलिस जांच में सामने आया है कि दो दिन पहले इसी इलाके में कोयला ढोने वाली हाईवा गाड़ियों पर हुई फायरिंग की घटना में भी इसी गैंग की भूमिका सामने आई थी। इस घटना की जिम्मेदारी गैंग सरगना प्रिंस खान ने ली थी।
इसके बाद से ही पुलिस लगातार गैंग के सदस्यों की तलाश में जुटी थी। इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली।
मुठभेड़ स्थल से हथियार बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से एक देशी पिस्तौल और एक खोखा बरामद किया है। बरामद हथियारों की जांच की जा रही है।
हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अपराधी किसी बड़ी घटना की तैयारी में हैं। इसी आधार पर बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद और थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया।
दो अपराधियों की तलाश जारी
मुठभेड़ के दौरान जीशान के साथ मौजूद दो अन्य अपराधी मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और जल्द ही फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: पेपर लीक और छात्र दमन के खिलाफ NSUI का बिगुल, 4 अगस्त को पटना में होगा महाआंदोलन!