नालंदा: नालंदा में विकास की रफ्तार को उस वक्त ब्रेक लग गया, जब खुद जिले की सबसे बड़ी अधिकारी की गाड़ी गांव की सड़क पर फंस गई। मामला नूरसराय प्रखंड का है, जहां “जीवन आसान” बनाने के मिशन पर निकलीं जिलाधिकारी उदिता सिंह की इनोवा खुद कीचड़ में फंसकर मुश्किल में पड़ गई।
सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए अधिकारी गांव पहुंचे थे, लेकिन वापसी के दौरान गांव की सड़क ने प्रशासन को अपनी हकीकत दिखा दी।
बारिश के बाद कच्ची सड़क पर जमा कीचड़ में DM की गाड़ी का पहिया ऐसा धंसा कि सरकारी मशीनरी भी बेबस नजर आई। आखिरकार मोर्चा संभाला गांव वालों ने… ग्रामीणों ने धक्का लगाया और काफी मशक्कत के बाद VIP गाड़ी को कीचड़ से बाहर निकाला।
वीडियो में पुलिस अधीक्षक भरत सोनी भी मौके पर नजर आ रहे हैं। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और लोग सवाल पूछ रहे हैं—“जब अफसरों की गाड़ी गांव की सड़क पर फंस सकती है, तो आम आदमी का सफर कितना आसान है?”
हालांकि प्रशासन का कहना है कि सहयोग शिविर सफल रहा और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। शिविर में राजस्व, आपूर्ति, कृषि, समाज कल्याण और पीएचईडी विभाग से जुड़े 113 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका निपटारा किया गया।
लेकिन इस वायरल वीडियो ने एक बार फिर गांव की सड़कों और विकास के दावों के बीच की दूरी जरूर दिखा दी है।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: जमशेदपुर में बार बना कत्लखाना, गाने के विवाद में युवक को चाकू से गोदा, मैनेजर निकला मास्टरमाइंड!
