उज्जैन: सिंहस्थ के मद्देनजर सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद हटाने की तैयारी का विरोध सोमवार सुबह उग्र हो गया। टंकी चौराहे के पास बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुट गए। इस दौरान पथराव किए जाने के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने पथराव किया। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद कुछ युवक लगातार पत्थर फेंकते रहे। स्थिति को नियंत्रित करने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने डेढ़ दर्जन से अधिक आंसू गैस के गोले छोड़े।
मस्जिद परिसर की ओर बढ़ने की कोशिश का दावा
प्रदर्शन के दौरान 100 से ज्यादा लोगों के टंकी चौराहे पर जुटने की बात सामने आई है। कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा मस्जिद परिसर की ओर जाने की कोशिश किए जाने की जानकारी भी दी गई है। इसके बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी।
शाही मस्जिद को फिलहाल ग्रीन नेट से ढक दिया गया है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं।
सड़क चौड़ीकरण को लेकर विवाद
यह पूरा विवाद कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर सड़क को चौड़ा करने की योजना से जुड़ा है। प्रशासन के अनुसार सड़क को करीब 15 मीटर चौड़ा किया जाना है। चौड़ीकरण की जद में आने वाले धार्मिक स्थलों को हटाने की तैयारी को लेकर विरोध शुरू हुआ है।
मामले को लेकर कानूनी प्रक्रिया भी चल रही है और सोमवार को इंदौर हाईकोर्ट में सुनवाई प्रस्तावित है। ऐसे में प्रशासनिक कार्रवाई और अदालत की कार्यवाही पर भी नजर बनी हुई है।
महिलाओं को हटाने के दौरान महिला टीआई घायल
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं को हटाने की कार्रवाई में क्राइम ब्रांच की टीआई पुष्पा पांचाल के हाथ में चोट लग गई। पुलिस के मुताबिक, कुछ महिलाएं विरोध के दौरान आगे बढ़ रही थीं। महिला पुलिस बल को सुरक्षा देने और महिलाओं को सुरक्षित तरीके से पीछे हटाने के दौरान टीआई के हाथ में चादर के कोने से कट लग गया।
चोट के बाद पुष्पा पांचाल के हाथ में पट्टी बांधी गई और उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। उन्होंने बताया कि किसी महिला को चोट नहीं लगी और सभी महिलाएं सुरक्षित हैं।
मौके पर भारी पुलिस बल, स्थिति पर नजर
पथराव और आंसू गैस छोड़े जाने के बाद इलाके में पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है। पुलिस लगातार भीड़ को नियंत्रित करने और स्थिति सामान्य बनाए रखने में जुटी है। प्रशासन की ओर से पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।
फिलहाल शाही मस्जिद को लेकर विरोध, सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई और हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई—इन तीनों घटनाक्रमों पर सभी की नजर बनी हुई है।
ये खबर भी पढ़े: ‘फरार नहीं हैं, जनता के बीच हैं’—पप्पू खान की पत्नी आफरीन सुल्ताना ने दी सफाई, कहा- खबरें बेबुनियाद!