शेखपुरा (बिहार): शेखपुरा में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय प्रबुद्धजन विकसित भारत संकल्प सम्मेलन ने राजनीतिक माहौल को पूरी तरह गर्मा दिया। शहर के सभागार में हुए इस कार्यक्रम में “शानदार 12 साल मोदी सरकार” के नारे और विकसित भारत के संकल्प की गूंज देर तक सुनाई देती रही।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद पूरा सभागार विचार-विमर्श और राजनीतिक संबोधन का केंद्र बन गया। मंच पर मौजूद अतिथियों और कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
इस मौके पर बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद और क्षेत्रीय प्रभारी बलराम प्रसाद मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रेशमा भारती ने की।
मंच से अपने संबोधन में वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों को भारत के विकास यात्रा का निर्णायक दौर बताया। वक्ताओं ने कहा कि इस अवधि में देश ने डिजिटल इंडिया, आधारभूत संरचना के विस्तार, रक्षा क्षेत्र में मजबूती, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
वक्ताओं ने यह भी दावा किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ अब समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीण और शहरी विकास के बीच की दूरी लगातार कम हो रही है।
मुख्य अतिथि श्रम मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और सुशासन का नया मॉडल देश के सामने आया है। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चलाई गई हैं, जिनका सीधा लाभ जनता को मिल रहा है।
सम्मेलन में “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य पर भी विशेष जोर दिया गया। नेताओं ने कहा कि यह केवल सरकार का नहीं बल्कि देश के हर नागरिक का साझा संकल्प है, जिसे सामूहिक भागीदारी से ही पूरा किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नवल किशोर पासवान, महेश राम, नीतू कुमारी, उषा सिंह, मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, प्रबुद्धजन और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : कंधों पर सवार दूल्हा, कीचड़ में फंसी बारात, किशनगंज में ‘24 करोड़ का पुल’ बना मज़ाक!