शेखपुरा: जिले के शेखोपुरसराय प्रखंड अंतर्गत खुडिया गांव में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण छात्राओं के लिए प्रमाण पत्र वितरण सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार की मंत्री रमा निषाद उपस्थित रहीं। उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष रेशमा भारती भी मंच पर मौजूद थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसके बाद छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में मंत्री रमा निषाद ने छात्राओं की मेहनत और सफलता की सराहना करते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है और सरकार भी बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने छात्राओं को आगे भी इसी तरह मेहनत कर उच्च मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

जिला अध्यक्ष रेशमा भारती ने भी छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री अरविंद सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजीत प्रभाकर, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष मुकेश झा, निवर्तमान युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विकाश सिंह, मंडल उपाध्यक्ष सुनील राम सहित कई वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके निरंतर प्रगति के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह का माहौल उत्साह और गर्व से भरा रहा, जहां छात्राओं की सफलता का जश्न पूरे गांव ने मिलकर मनाया।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : भागलपुर में 100 करोड़ की लागत से बना इथनॉल प्लांट, 200 से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार!