पटना/शेखपुरा: मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने समृद्धि यात्रा के दौरान शेखपुरा जिले को 206 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 62 करोड़ रुपये की लागत से 196 योजनाओं का उद्घाटन तथा 144 करोड़ रुपये की लागत से 120 योजनाओं का शिलान्यास एवं कार्यारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने बरबीघा के सर्वा स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को कार्यों को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालय में स्थापित एस्ट्रो, रोबोटिक्स और वर्चुअल रियलिटी प्रयोगशाला का उद्घाटन भी किया तथा विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनकी पढ़ाई और वैज्ञानिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने सर्वा पंचायत सरकार भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा जिले के आठ अन्य पंचायत सरकार भवनों का भी रिमोट के माध्यम से उद्घाटन किया। उन्होंने भवन का निरीक्षण कर कहा कि पंचायत सरकार भवन बनने से लोगों को एक ही स्थान पर सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया और स्वयं सहायता समूह की जीविका दीदियों द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने 3,601 जीविका समूहों को 15 करोड़ 18 लाख रुपये तथा 1,425 समूहों को 34 करोड़ 87 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पंचायत सरकार भवन परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में भी भाग लिया और सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी लोगों को दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : नालंदा अंतरराष्ट्रीय साहित्य महोत्सव में आज अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, देश के प्रसिद्ध कवि देंगे काव्य प्रस्तुति!