लखीसराय: जिले के हलसी प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को जीविका के तत्वावधान में रोजगार सह मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया।
कार्यक्रम का उद्घाटन हलसी की प्रखंड प्रमुख तथा प्रखंड परियोजना प्रबंधक जीविका धर्मवीर कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। यह मेला दीन दयाल उपाध्याय कौशल्य योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है।
मेले में कुल 12 कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए, जहां अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया गया। इस दौरान कुल 565 अभ्यर्थियों ने निबंधन कराया, जिनमें से 229 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को घर के नजदीक ही रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है।
कार्यक्रम का संचालन आजीविका विशेषज्ञ इशिता मुखर्जी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्रीय समन्वयक श्रावण कुमार ने किया।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : 30 साल तक कैद थी ज़िंदगी… गया में 62 लोगों को मिली आज़ादी, चौंकाने वाला खुलासा!
