पटना/राजगीर: राजगीर खेल अकादमी में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2026 में मुकाबले अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच गए हैं। टूर्नामेंट के 8वें दिन खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में दादरा और नगर हवेली व दमन और दीव हॉकी, हॉकी पंजाब, उत्तर प्रदेश हॉकी और हॉकी मध्य प्रदेश ने शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
पहले क्वार्टर फाइनल में दादरा और नगर हवेली व दमन और दीव हॉकी ने हॉकी चंडीगढ़ को 2-1 से हराया। टीम के कप्तान धीरज पाल ने दोनों गोल दागकर जीत के हीरो बने, जबकि चंडीगढ़ के लिए जसमीत सिंह ने एक गोल किया।
दूसरे मुकाबले में हॉकी पंजाब और हॉकी झारखंड के बीच हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिला, जिसमें पंजाब ने 5-3 से बाजी मारी। पंजाब के लिए राजवीर सिंह ने दो गोल किए, जबकि आकाश दीप, सहबाजप्रीत सिंह और सनमुख सिंह ने भी गोल दागे। झारखंड की ओर से आशीष तानी पूर्ति ने शानदार हैट्रिक लगाई, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
तीसरे क्वार्टर फाइनल में उत्तर प्रदेश हॉकी ने हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा को 6-3 से हराकर दमदार प्रदर्शन किया। यूपी के लिए नीतीश यादव ने दो गोल किए, जबकि करण धनुक, प्रहलाद राजभर, केतन कुशवाहा और रोमित पाल ने भी स्कोरिंग में योगदान दिया। ओडिशा के दीपक प्रकाश टोप्पो ने हैट्रिक जरूर लगाई, लेकिन टीम हार गई।
दिन के सबसे रोमांचक मुकाबले में हॉकी मध्य प्रदेश और हॉकी हरियाणा के बीच निर्धारित समय तक कोई गोल नहीं हुआ। इसके बाद हुए शूटआउट में मध्य प्रदेश ने 4-3 से जीत दर्ज की। मध्य प्रदेश के गोलकीपर आयुष रजक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो अहम बचाव किए और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
अब सेमीफाइनल मुकाबलों में चारों टीमें खिताब की ओर अगला कदम बढ़ाने के लिए आमने-सामने होंगी, जिससे टूर्नामेंट और भी दिलचस्प हो गया है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : DM ऑफिस की फाइलें खुलीं… EOU पहुंची तो मच गया हड़कंप!