नालंदा: चैती छठ पर्व के अवसर पर नालंदा जिले के विभिन्न छठ घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पहले अर्घ्य के मौके पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली, जहां व्रतियों ने डूबते हुए सूर्य भगवान को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
मोरा तालाब, बाबा मणिराम अखाड़ा, सोहसराय सूर्य मंदिर तालाब, औंगारी धाम और बड़गांव छठ घाट समेत जिले के प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। छठव्रतियों ने पूरी श्रद्धा और परंपरा के साथ पूजा-अर्चना कर छठ मइया से अपने परिवार के कल्याण की प्रार्थना की।
व्रती पूजा कुमारी, सरिता देवी, जुली कुमारी, जयंती देवी, अंशु सिंह और दिव्या देवी ने बताया कि छठ पूजा उनके लिए आस्था और विश्वास का सबसे बड़ा पर्व है, जिसे वे पूरे विधि-विधान और भक्ति भाव से निभाती हैं।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाटों पर पानी की गहराई को देखते हुए बैरिकेडिंग की गई थी, साथ ही गोताखोरों की तैनाती भी की गई थी ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। व्रती महिलाओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम और मेडिकल की व्यवस्था भी की गई थी।
इस दौरान राजगीर के जदयू विधायक कौशल किशोर और पार्टी प्रवक्ता भवानी सिंह भी मोरा तालाब पहुंचे और भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने कहा कि छठ पर्व हिंदू धर्म का सबसे पवित्र और महत्वपूर्ण त्योहार है, जो बिहार की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है।
छठ घाटों पर गूंजते छठ गीतों और श्रद्धालुओं की आस्था ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया, जहां हर ओर भक्ति और परंपरा की अद्भुत छटा देखने को मिली।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : गरीबी में पला ‘चंद्रदीप’ बना बिहार टॉपर, इंटर आर्ट्स में दूसरा स्थान हासिल कर रचा इतिहास!
वीरेंद्र कुमार, नालंदा.