लखीसराय: समाहरणालय स्थित गांधी मैदान, खेल भवन और इंडोर स्टेडियम में चल रही तीन दिवसीय जिला स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को कबड्डी मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खूब दमखम दिखाया। U-14 बालक वर्ग में लाल इंटरनेशनल स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली। अब गुरुवार को खिताबी मुकाबले में लाल इंटरनेशनल स्कूल का सामना बड़हिया की टीम से होगा।
U-14 बालक कबड्डी के पहले सेमीफाइनल में उच्च विद्यालय खुटहा और बड़हिया की टीम आमने-सामने हुईं। रोमांचक मुकाबले में बड़हिया की टीम ने 4 अंकों के अंतर से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में लाल इंटरनेशनल स्कूल और किऊल-खगौर की टीम के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मुकाबले में लाल इंटरनेशनल स्कूल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए किऊल-खगौर को महज 1 अंक के अंतर से शिकस्त दी और फाइनल का टिकट कटाया।

U-14 का खिताबी मुकाबला गुरुवार को
अब U-14 बालक वर्ग में गुरुवार को बड़हिया और लाल इंटरनेशनल स्कूल के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों के सेमीफाइनल प्रदर्शन को देखते हुए फाइनल में भी कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है।
प्रतियोगिता में खेलो इंडिया स्मॉल कबड्डी ट्रेनिंग सेंटर, खगौर के प्रशिक्षक राजकुमार साहनी के साथ कोच शुभम कुमार और कुंदन कुमार खिलाड़ियों को तकनीकी और खेल संबंधी मार्गदर्शन देते नजर आए।
U-17 में भी खिताब के लिए भिड़ेंगी दो टीमें
U-17 बालक वर्ग में भी फाइनल मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। इस वर्ग में बड़हिया और किऊल-खगौर की टीम खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।
जिला स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता में जिले के सरकारी और निजी विद्यालयों के बच्चे कुल 21 खेल विधाओं में हिस्सा ले रहे हैं। विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों के बीच जोरदार मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।
डीएम और जिला खेल पदाधिकारी कर रहे मॉनिटरिंग
प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार और प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं और खेल गतिविधियों की लगातार मॉनिटरिंग करते नजर आए।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता के जरिए जिले के स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल रहा है। वहीं, विभिन्न खेल विधाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर भी मिलेगा।
ये खबर भी पढ़े: 11 साल की सेवा के बाद एलडीसी विशाल कुमार को भावभीनी विदाई, बोर्ड परीक्षार्थियों को मिले सफलता के 10 मंत्र!
