लखीसराय शहर को स्वच्छ और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मंगलवार को नगर परिषद के सभापति अरविंद पासवान ने 4.65 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मेटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) और कंपोस्ट प्लांट निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और भूमि पूजन के साथ हुई, जिसने पूरे माहौल को आध्यात्मिक और उत्साहपूर्ण बना दिया। इसके बाद नारियल फोड़कर और फीता काटकर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की गई। इस मौके पर वेद ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के चेयरमैन डॉ. ओमप्रकाश समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस परियोजना का निर्माण कार्य एजेंसी कॉल एंड फिक्स कंपनी के द्वारा किया जाएगा, जिसकी देखरेख अधिकारी शैलेन्द्र कुमार कर रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भी उन्होंने ही की।
सभापति अरविंद पासवान ने कहा कि यह योजना केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य शहरों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। उन्होंने बताया कि प्लांट के बन जाने के बाद कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण होगा, जिससे न केवल गंदगी कम होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि इस शिलान्यास कार्यक्रम में राज्य के डिप्टी सीएम सह नगर विकास एवं आवास मंत्री और क्षेत्रीय सांसद सह केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन बाबू को शामिल होना था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से वे नहीं पहुंच सके।
यह प्लांट बनने के बाद लखीसराय शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी और यह अन्य जिलों के लिए भी एक मॉडल बन सकता है। नगर परिषद के अधिकारी, कर्मचारी और निर्माण एजेंसी की टीम इस परियोजना को समय पर पूरा करने में जुटी हुई है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : लखीसराय में महिला फुटबॉल का महाकुंभ, डिप्टी सीएम ने किया भव्य आगाज, समस्तीपुर ने मारी बाजी!
