लखीसराय: करीब 39 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद केंद्रीय विद्यालय लखीसराय अपने नए भवन में शिफ्ट हो गया है। अब यह विद्यालय खगौर-किऊल स्थित नवनिर्मित परिसर में संचालित होगा। 1 अप्रैल 2026 से नए शैक्षणिक सत्र के साथ यहां कक्षा पहली से बारहवीं तक की पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
केंद्रीय विद्यालय लखीसराय के प्राचार्य हरि सिंह मीणा ने बताया कि भवन निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद शनिवार को कार्यकारी एजेंसी द्वारा नए भवन को विद्यालय प्रबंधन को सौंप दिया गया। इसके साथ ही विद्यालय में इंटर स्तर की पढ़ाई शुरू करने की अनुमति भी मिल गई है। फिलहाल इंटर स्तर पर विज्ञान और वाणिज्य विषयों में पढ़ाई की स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र 2026-28 में कक्षा पहली से बारहवीं तक के विद्यार्थियों का नामांकन लिया जाएगा। नए भवन में आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को काफी लाभ मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय विद्यालय लखीसराय वर्ष 1987 से शहर के नया बाजार स्थित श्री दुर्गा बालक उच्च विद्यालय के ग्राउंड भवन में संचालित हो रहा था। उस समय तत्कालीन क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री कृष्णा शाही के प्रयास से विद्यालय की स्वीकृति मिली थी।
बाद में वर्ष 2002 में खगौर पंचायत मुख्यालय में विद्यालय भवन निर्माण के लिए शिलान्यास किया गया था। उस अवसर पर बिहार की तत्कालीन मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री एम.ए. फातमी तथा बिहार सरकार के मंत्री जय प्रकाश नारायण यादव मौजूद थे। लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से अब खगौर पंचायत मुख्यालय में विद्यालय का आधुनिक भवन तैयार हो चुका है।
केंद्रीय विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सह जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र के मार्गदर्शन में विद्यालय को नए भवन में संचालित करने का निर्णय लिया गया है।
खगौर पंचायत की मुखिया नाजिका खातून और उनके पति पूर्व मुखिया मोहम्मद इरफान ने विद्यालय के नए भवन में स्थानांतरण तथा कक्षा पहली से बारहवीं तक विज्ञान और वाणिज्य विषयों की पढ़ाई शुरू होने पर खुशी जताई है। उन्होंने जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र और केंद्रीय विद्यालय संगठन पटना संभाग को इसके लिए बधाई दी है।
विद्यालय के प्राचार्य एच.एस. मीणा ने कहा कि नए भवन में आधुनिक सुविधाओं के साथ पढ़ाई का बेहतर माहौल मिलेगा और 1 अप्रैल से नए सत्र की कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा को लेकर कजरा पावर प्लांट परिसर का निरीक्षण, तैयारियों की समीक्षा!