कटिहार: बिहार के कटिहार जिले में शनिवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें करीब 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा कोढ़ा थाना क्षेत्र के NH-31 स्थित बसगाड़ा चौक (बकरी फार्म के पास) हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में सवार लोग किसी धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर पूर्णिया जिले के रानी पतरा थाना क्षेत्र के शोभा गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस ने सामने से पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक पिकअप में सवार अधिकतर लोग आदिवासी समुदाय के थे, जो झारखंड से अनुष्ठान पूरा कर लौट रहे थे। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। लोगों ने बस चालक पर नशे में होने का भी आरोप लगाया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। प्रद्युम्न सिंह यादव और रंजन कुमार सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तुरंत इलाज के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।
हादसे के बाद पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों चिंटू कुमार और सरवन चौधरी ने घटना की भयावहता का जिक्र करते हुए बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और बस चालक की तलाश की जा रही है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : सीजफायर पर अमेरिका पर बरसे जीतन राम मांझी, ट्रंप को बताया खतरनाक सोच वाला!
कटिहार से सुमन शर्मा की रिपोर्ट…