कैमूर जिले में बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान पंचायत स्तर पर चल रही विभिन्न विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों और लंबित परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित योजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दीपक प्रकाश ने जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीण स्तर तक पहुंचे। इसके लिए पंचायतों में पारदर्शिता, जवाबदेही और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जमीनी स्तर पर जाकर योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल रहा है।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। मंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।
इस समीक्षा बैठक से यह स्पष्ट संकेत मिला कि सरकार पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को लेकर गंभीर है और किसी भी तरह की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : जब डीएम-एसपी खुद सड़कों पर उतरे… शिवहर में बिहार दिवस बना जनउत्सव!
कैमूर से अजीत कुमार की रिपोर्ट…