छपरा: सारण जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब बसारी पंचायत भवन में कार्यरत एक महिला कार्यपालक सहायिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतका की पहचान प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है, जो उसी पंचायत भवन में कार्यरत थीं।
जानकारी के अनुसार, घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बसारी पंचायत भवन की है। परिजनों ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 2 बजे तक प्रियंका की घरवालों से बातचीत हुई थी, जिसके बाद उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
परिजनों ने पहले भी पंचायत भवन जाकर खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। रविवार को दोबारा खोजबीन के दौरान जब उन्होंने भवन के एक कमरे में झांका, तो प्रियंका का शव अंदर अचेत अवस्था में मिला। यह देखते ही परिवार और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से मृतका की स्कूटी भी बरामद की गई है।
मामले को लेकर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्रियंका की हत्या कर शव को पंचायत भवन में लाकर रखा गया है। परिजनों के अनुसार, मृतका का अपने ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा था और वह अपने मायके में रह रही थीं। उन्होंने ससुराल पक्ष के कुछ लोगों पर इस घटना में संलिप्त होने का आरोप लगाया है।
प्रियंका के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब 8 वर्ष और साढ़े तीन वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हत्या का मामला है या अन्य कारणों से मौत हुई है।
फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग स्तब्ध हैं।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : मोबाइल की लत ने छीनी मासूम जिंदगी, गोपालगंज में 16 वर्षीय किशोरी की मौत से सनसनी!
छपरा से पंकज श्रीवास्तव की रिपोर्ट…