पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर स्थित इंडोर स्टेडियम में 11 से 17 मार्च तक आयोजित बिहार महिला कबड्डी लीग 2026 में इस बार पुरस्कार राशि में बड़ा इजाफा किया गया है। प्रतियोगिता का आयोजन खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण तथा बिहार राज्य कबड्डी एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि इस बार विजेता टीम को 6 लाख 50 हजार रुपये, उपविजेता टीम को 3 लाख 50 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 2 लाख 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। पहले विजेता को 1 लाख 50 हजार, उपविजेता को 75 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 50 हजार रुपये मिलते थे।

उन्होंने कहा कि पुरस्कार राशि बढ़ाने का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और राज्य में कबड्डी खेल को और मजबूत बनाना है। इससे खिलाड़ियों को पहले की तुलना में कई गुना अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन सिवान और मगध की टीमों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जबकि सारण की टीम ने भी जीत दर्ज की। खेले गए मुकाबलों में सिवान टाइटंस ने सीतामढ़ी सेंटिनल्स को 40-25 से हराया। सारण स्ट्राइकर्स ने पटना पेलिकन्स को 43-18 से पराजित किया। वहीं मगध वॉरियर्स ने नालंदा निंजास को 34-21 से हराया। एक अन्य मुकाबले में सिवान टाइटंस ने पटना पेलिकन्स को 48-20 से हराया, जबकि मगध वॉरियर्स ने सीतामढ़ी सेंटिनल्स को 36-18 से पराजित किया।

इस प्रतियोगिता की खास बात यह है कि लखीसराय जिले से भी 11 महिला खिलाड़ी विभिन्न टीमों की ओर से खेल रही हैं, जो जिले के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।

वहीं कुमार विजय सिंह ने कहा कि महिला कबड्डी लीग से राज्य की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिल रहा है और इससे भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी बिहार की भागीदारी मजबूत होगी।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : पटना में बिहार महिला कबड्डी लीग का भव्य आगाज, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन!
