लखीसराय: शहर के केआरके मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के चौथे दिन शुक्रवार शाम खेले गए मुकाबले में अरवल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जहानाबाद को 6-0 से हराकर अगले चरण में जगह बना ली।
70 मिनट के इस मैच में अरवल की टीम का दबदबा शुरू से अंत तक कायम रहा। पहले हाफ के 13वें मिनट में जर्सी नंबर 10 की खिलाड़ी संध्या कुमारी ने पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 17वें मिनट में प्रिया कुमारी (जर्सी नंबर 04) ने दूसरा गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।
अरवल की आक्रामक रणनीति जारी रही और 19वें मिनट में सबिता (जर्सी नंबर 08) ने तीसरा गोल किया, जबकि 21वें मिनट में संध्या कुमारी ने अपना दूसरा गोल दागकर टीम को 4-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।
मध्यांतर के बाद भी अरवल का दबदबा कम नहीं हुआ। 37वें मिनट में रिया कुमारी (जर्सी नंबर 15) और 43वें मिनट में प्रिया कुमारी ने गोल कर स्कोर 6-0 कर दिया और टीम की जीत पक्की कर दी।
बेहतरीन प्रदर्शन के लिए संध्या कुमारी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में आईजी विकास वैभव उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर बॉल किक के साथ मैच का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन कभी निराश नहीं होना चाहिए और लगातार प्रयास करते रहना चाहिए।
मैच के दौरान मुख्य रेफरी दीपक कुमार, सहायक रेफरी कैलाश पंडित और उपेंद्र यादव, जबकि चौथे रेफरी के रूप में हर्षित आनंद ने अपनी भूमिका निभाई। कॉमेंट्री पूर्णेंदु शेखर और सुशांत कुमार ने की।
इस मौके पर सीनियर डिप्टी कलेक्टर शशि कुमार, डीईओ यदुवंश राम, वंदना पांडेय, आयोजन समिति के अध्यक्ष अभिषेक पटेल, जिला फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक सिंह, सचिव बबलू शर्मा, महिला फुटबॉल एसोसिएशन की अध्यक्ष जूली यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : धान खरीद में खेल या सिस्टम फेल? लखीसराय DM पर सरकार का शिकंजा!
