शेखपुरा। जिले के स्टेशन रोड स्थित कर्यानंद भवन में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के तत्वावधान में सोमवार को ‘साम्राज्यवादी विरोध दिवस’ एवं शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता राजेंद्र महतो ने की। इस मौके पर पार्टी के जिला सचिव प्रभात कुमार पांडेय ने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के आह्वान पर पूरे देश में 23 मार्च को शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान दिवस को ‘साम्राज्यवादी विरोध दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में इन क्रांतिकारियों ने ब्रिटिश साम्राज्यवाद के खिलाफ संघर्ष करते हुए अद्वितीय साहस और बलिदान का परिचय दिया था। उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि साम्राज्यवादी ताकतें आज भी विभिन्न देशों में हस्तक्षेप कर रही हैं, जिसका विरोध आवश्यक है।
प्रभात पांडेय ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि देश, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संगठित होकर संघर्ष करें और जरूरत पड़ने पर हर स्तर पर त्याग और बलिदान के लिए तैयार रहें।
इस अवसर पर पार्टी के सहायक जिला सचिव गुलेश्वर यादव, विश्वनाथ प्रसाद, दिनेश कुमार, दुर्गा मांझी, कमलेश दास, नीरज पासवान, राजकुमार चौधरी, उपेंद्र महतो, शिवनारायण ठाकुर, धनंजय पांडेय सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने शहीदों को नमन करते हुए उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : शेखपुरा में भाजपा का पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान आयोजित, कार्यकर्ताओं को दिया वैचारिक प्रशिक्षण!