सहरसा: मिथिला की धरती एक बार फिर अपनी सांस्कृतिक विरासत, संगीत की मधुरता और ज्ञान की गौरवशाली परंपरा से राष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाने को तैयार है। मां उग्रतारा की पावन नगरी महिषी में 19 से 21 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय श्री उग्रतारा सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस बार महोत्सव में संगीत के बड़े नामों की आवाज गूंजेगी, हास्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को हंसाएंगे और स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। वहीं, प्रसिद्ध मंडन धाम में देशभर के विद्वान भारतीय दर्शन और मिथिला की बौद्धिक विरासत पर गंभीर विमर्श करेंगे।
पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, सहरसा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह महोत्सव महिषी के राजकमल क्रीड़ा मैदान में होगा। तीन दिनों तक यहां संगीत, लोककला, हास्य, साहित्य और संस्कृति का ऐसा संगम देखने को मिलेगा, जिसमें मनोरंजन के साथ मिथिला की ऐतिहासिक पहचान भी केंद्र में रहेगी।
पहले दिन पार्थो घोष और मोनालिसा की आवाज से सजेगी शाम
महोत्सव के पहले दिन 19 नवंबर को इंडियन आइडल फेम पार्थो घोष और मोनालिसा अपनी संगीत प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। दोनों कलाकारों की प्रस्तुति के साथ महोत्सव का सांस्कृतिक मंच सुरों से गुलजार होगा। पहले दिन से ही दर्शकों को संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष झलक मिलने की उम्मीद है।
दूसरे दिन सपना अवस्थी के सुर, सुनील पाल की कॉमेडी का तड़का
20 नवंबर को महोत्सव का मंच और भी खास होने वाला है। बॉलीवुड की चर्चित पार्श्वगायिका सपना अवस्थी अपनी सुरीली आवाज से संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करेंगी। वहीं, इंडियन लाफ्टर शो के लोकप्रिय हास्य कलाकार सुनील पाल अपनी कॉमेडी से दर्शकों को हंसी के ठहाके लगाने पर मजबूर करेंगे। एक ही दिन संगीत और हास्य की दो अलग-अलग रंगत दर्शकों को देखने को मिलेगी।
अंतिम दिन सयाली कांबले की प्रस्तुति से होगा सुरमयी समापन
तीन दिवसीय महोत्सव के अंतिम दिन 21 नवंबर को इंडियन आइडल की चर्चित गायिका सयाली कांबले अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी। उनकी प्रस्तुति के साथ महोत्सव का सांस्कृतिक मंच संगीत की मधुरता से सराबोर होगा। तीनों दिनों में स्थानीय कलाकारों को भी मंच दिया जाएगा, ताकि जिले की लोक प्रतिभाओं को अपनी कला और संस्कृति प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।
बड़े कलाकारों के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी मिलेगा मंच
इस महोत्सव की एक महत्वपूर्ण विशेषता स्थानीय कलाकारों की भागीदारी होगी। जिले के लोक कलाकार, संगीतकार और सांस्कृतिक प्रतिभाएं अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध लोक परंपराओं को सामने लाएंगे। इससे स्थानीय कलाकारों को पहचान और प्रोत्साहन मिलने के साथ नई प्रतिभाओं को भी बड़े मंच पर अपनी कला दिखाने का अवसर मिलेगा।
मंडन धाम में सजेगा ज्ञान का दरबार, देशभर के विद्वान करेंगे शास्त्रार्थ
श्री उग्रतारा सांस्कृतिक महोत्सव की पहचान सिर्फ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं रहेगी। इसके अंतर्गत 20 और 21 नवंबर को प्रसिद्ध मंडन धाम में दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से ख्यातिप्राप्त विद्वान, शिक्षाविद् और विषय विशेषज्ञ शामिल होंगे।
सेमिनार में भारतीय दर्शन, मिथिला की ज्ञान परंपरा, मंडन मिश्र की दार्शनिक विरासत और शास्त्रार्थ की गौरवशाली परंपरा पर गंभीर चर्चा होगी। विद्वानों के बीच वैचारिक संवाद और शास्त्रार्थ के माध्यम से मिथिला की उस बौद्धिक विरासत को फिर से रेखांकित किया जाएगा, जिसने सदियों से भारतीय ज्ञान परंपरा में अपनी विशिष्ट जगह बनाई है।
मनोरंजन से आगे बढ़कर मिथिला की पहचान का उत्सव
श्री उग्रतारा सांस्कृतिक महोत्सव का उद्देश्य संगीत और मनोरंजन के साथ मिथिला की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाना है। एक ओर राजकमल क्रीड़ा मैदान में कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी, तो दूसरी ओर मंडन धाम में दर्शन और ज्ञान परंपरा पर विमर्श होगा। इस तरह महोत्सव में लोक संस्कृति और शास्त्रीय चिंतन दोनों को एक साथ मंच मिलेगा।
जिलाधिकारी दीपेश कुमार के आदेश पर आयोजन की भव्य सफलता को लेकर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की संयुक्त पहल से आयोजित इस महोत्सव से सहरसा जिले को पर्यटन और सांस्कृतिक मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
महिषी में होने वाला यह आयोजन केवल तीन दिनों का सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मिथिला की उस विरासत को सामने लाने का प्रयास है, जहां लोकगीतों की मिठास, कला की विविधता, आध्यात्मिक आस्था और शास्त्रार्थ की परंपरा एक साथ जीवंत दिखाई देती है। नवंबर में महिषी की धरती सुर, संगीत, हास्य और ज्ञान के अनूठे संगम की साक्षी बनेगी।
ये खबर भी पढ़े: छठ की खुशियों में युवाओं ने जोड़ी सेवा की मिठास, 2015 से हर साल सैकड़ों व्रतियों का सहारा बन रहा शेखपुरा यूथ फाउंडेशन!
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट…