पटना: पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय रग्बी प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबलों का दौर जारी है। अंडर-17 बालक वर्ग में पटना प्रमंडल और एकलव्य बिहार की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में एकलव्य बिहार ने तिरहुत प्रमंडल को 17-12 से हराया, जबकि पटना प्रमंडल ने मगध प्रमंडल को 29-0 से पराजित कर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया।
खेल विभाग, बिहार और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन, पटना की ओर से आयोजित यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता विद्यालय स्तर पर रग्बी को बढ़ावा देने और उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।
एकलव्य बिहार और तिरहुत के बीच कांटे की टक्कर
अंडर-17 वर्ग के पहले सेमीफाइनल में एकलव्य बिहार और तिरहुत प्रमंडल की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों ने अंक जुटाने के लिए लगातार प्रयास किए और मैदान पर खेल कौशल का प्रदर्शन किया। आखिरकार एकलव्य बिहार ने 17-12 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
इस जीत के साथ एकलव्य बिहार की टीम ने खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली। अब फाइनल में उसका सामना पटना प्रमंडल की मजबूत टीम से होगा।
पटना ने मगध को 29-0 से दी शिकस्त
दूसरे सेमीफाइनल में पटना प्रमंडल की टीम ने शुरू से ही दमदार खेल दिखाया। टीम ने मगध प्रमंडल को कोई अंक बनाने का मौका नहीं दिया और 29-0 से एकतरफा जीत दर्ज की। इस शानदार प्रदर्शन के साथ पटना प्रमंडल ने अंडर-17 वर्ग के फाइनल में प्रवेश किया।
शनिवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में पटना प्रमंडल और एकलव्य बिहार आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों के प्रदर्शन को देखते हुए फाइनल में रोमांचक भिड़ंत की उम्मीद है।
अंडर-17 लीग मुकाबलों में भी टीमों ने दिखाया दम
प्रतियोगिता के दूसरे दिन अंडर-17 वर्ग के लीग मुकाबलों में भी कई टीमों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। तिरहुत प्रमंडल ने सारण प्रमंडल को 60-0 से हराया, जबकि मगध प्रमंडल ने मुंगेर प्रमंडल को 31-0 से पराजित किया।
भागलपुर प्रमंडल ने सारण प्रमंडल को 20-0 से मात दी। वहीं, एकलव्य बिहार ने दरभंगा प्रमंडल को 46-0 से हराया। मुंगेर प्रमंडल ने कोशी प्रमंडल के खिलाफ 44-0 से जीत दर्ज की। पटना प्रमंडल और एकलव्य बिहार के बीच खेला गया लीग मुकाबला 0-0 से बराबरी पर समाप्त हुआ।
अंडर-19 में तिरहुत और पटना का शानदार प्रदर्शन
अंडर-19 बालक वर्ग के लीग मुकाबलों में भी टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। तिरहुत प्रमंडल ने मुंगेर प्रमंडल को 62-0 से हराया, जबकि सारण प्रमंडल के खिलाफ भी 60-0 से जीत दर्ज की।
पटना प्रमंडल ने दरभंगा प्रमंडल को 61-0 और भागलपुर प्रमंडल को 27-0 से पराजित किया। पटना ने मगध प्रमंडल को 15-0 से भी हराया। दूसरी ओर, मगध प्रमंडल ने दरभंगा प्रमंडल को 46-0 और भागलपुर प्रमंडल को 31-0 से शिकस्त दी। सारण प्रमंडल ने मुंगेर प्रमंडल को 29-0 से हराया, जबकि भागलपुर प्रमंडल ने दरभंगा प्रमंडल के खिलाफ 22-5 से जीत दर्ज की।
इन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी गति, तालमेल और रणनीति का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के जरिए विद्यालय स्तर पर रग्बी के प्रति खिलाड़ियों की रुचि और प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव को बढ़ावा मिल रहा है।
शनिवार को होगा पुरस्कार वितरण समारोह
जिला खेल पदाधिकारी, पटना सह आयोजन सचिव जयनारायण कुमार ने बताया कि शनिवार को प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें दोनों आयु वर्गों की विजेता और उपविजेता टीमों के साथ खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। अब सभी की नजरें अंडर-17 के फाइनल पर हैं, जहां पटना प्रमंडल और एकलव्य बिहार खिताब के लिए मुकाबला करेंगे।
ये खबर भी पढ़े: कोशी स्नातक चुनाव में ‘समर्थन की सियासत’ तेज, अशोक महतो ने नीतीश कुमार के लिए संभाला मोर्चा!