लखीसराय: लखीसराय जिले के सभी प्रखंडों में मंगलवार को “सेवा सेतु शिविर—आपकी सरकार, आपके द्वार” का आयोजन किया गया। इस दौरान बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने रामगढ़ चौक, बड़हिया और हलसी प्रखंड के शिविरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर जाकर खुद आम जनता के आवेदनों का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवेदनों का तुरंत निपटारा किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
रामगढ़ चौक प्रखंड संसाधन केंद्र (BRC) परिसर में आयोजित शिविर का उद्घाटन कृषि मंत्री ने किया। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से सीधा संवाद करते हुए सरकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। इसके बाद बड़हिया और हलसी प्रखंड पहुंचे मंत्री का स्थानीय लोगों व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। शिविर में पहुंचे वंचित लोगों के आवेदन प्राप्त किए गए और संबंधित पदाधिकारियों को समयसीमा के भीतर निष्पादन के कड़े निर्देश दिए गए।

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इस अभियान का मुख्य मकसद सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को हर पात्र व्यक्ति के घर तक पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा और लोगों की समस्याओं का समाधान गांव में ही संभव हो सकेगा।
शिविर में जिला प्रशासन की ओर से नोडल पदाधिकारी-सह-निदेशक (DRDA), संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, बीजेपी जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, बीस सूत्री के प्रखंड अध्यक्ष और बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।
ये खबर भी पढ़े: दिल्ली में राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में सड़क पर उतरे कांग्रेसी, चुनाव आयोग का फूंका पुतला!
