जहानाबाद: बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने जहानाबाद दौरे के दौरान जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जोरदार सियासी हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि जदयू अपनी मूल पहचान खो चुकी है और उस पर अब पूरी तरह भाजपा का कब्जा हो चुका है।
‘संजय झा और ललन सिंह की बनकर रह गई JDU’
मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, “जदयू अब जदयू नहीं रह गया है। इसे भाजपा के लोगों ने पूरी तरह हाईजैक कर लिया है। यह पार्टी अब नीतीश कुमार जी की नहीं रही, बल्कि केवल संजय झा और ललन सिंह की पार्टी बनकर रह गई है।”
MLC चुनाव पर अलग राह की खबरों को किया खारिज
आगामी विधान परिषद (एमएलसी) चुनावों में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस द्वारा अलग-अलग प्रत्याशी उतारे जाने के सवालों को तेजस्वी यादव ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय निकाय, स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में घटक दलों का अलग चुनाव लड़ना कोई नई बात नहीं है।
उन्होंने कहा, “पहले भी ऐसे चुनावों में वामपंथी दलों, कांग्रेस और राजद ने अपने-अपने उम्मीदवार उतारे हैं। पिछली बार भी हम अलग लड़े थे और पांच सीटों पर जीत हासिल की थी। इस तरह के चुनाव हम पहले से ही लड़ते आ रहे हैं, लेकिन हमारी विचारधारा और प्रतिबद्धता महागठबंधन के साथ पूरी मजबूती से कायम है।”
संविधान और स्वायत्त संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप
केंद्र और बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और नीतीश कुमार के नेतृत्व में देश के संविधान और चुनाव आयोग जैसी प्रमुख स्वायत्त संस्थाओं को लगातार कमजोर किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं, सरकारी खजाने की लूट मची है और काम के नाम पर केवल दीया जलाने जैसी प्रतीकात्मक राजनीति की जा रही है। तेजस्वी यादव ने जोर देकर कहा कि देश में नफरत फैलाने वाली सांप्रदायिक शक्तियों के खिलाफ महागठबंधन एकजुट होकर लड़ाई जारी रखेगा।
ये खबर भी पढ़े: मुजफ्फरपुर में फर्जी आधार से विदेशी नागरिक का पासपोर्ट बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड एजाज कमर गिरफ्तार!