गया: गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ घूम रहे युवक को कुछ स्थानीय युवकों द्वारा घेरकर मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद गया पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में कई युवक एक युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट करते और बाद में उसे वहां से भगाते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों के बीच भी अफरा-तफरी की स्थिति नजर आ रही है।
युवती के साथ घूम रहा था युवक
गया के एसएसपी सुशील कुमार ने मंगलवार को वायरल वीडियो की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला शेरघाटी थाना क्षेत्र का है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, एक युवक और युवती इलाके में घूम रहे थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय युवकों ने युवक को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की।
पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल युवकों की पहचान किए जाने की बात कही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस के अनुसार, जिस युवक के साथ मारपीट हुई है, उसकी पहचान कर ली गई है। वहीं वीडियो में नजर आ रहे मारपीट करने वाले युवकों की भी पहचान की जा चुकी है।
पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले में पुलिस वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
ये खबर भी पढ़े: बेगूसराय होटल कांड में मुख्य दरिंदा रोहित सहनी गिरफ्तार, पुलिस वाहन से भागने की कोशिश में घायल!