पटना: बिहार की उभरती तीरंदाजी प्रतिभाओं के लिए राजधानी पटना में 27 सितंबर से खेल का बड़ा मंच सजने जा रहा है। पाटलिपुत्र खेल परिसर में तीन दिवसीय चौथी राजा कर्ण बिहार स्टेट तीरंदाजी चैम्पियनशिप ‘लक्ष्य’ 2026 का आयोजन होगा। राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे 330 खिलाड़ी यहां अपने निशाने की सटीकता और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि प्रतियोगिता में 150 बालिका और 180 बालक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। छह आयुवर्गों में होने वाली इस प्रतियोगिता में अंडर-10, अंडर-13, अंडर-15, सब-जूनियर और जूनियर सहित विभिन्न वर्गों के मुकाबले होंगे।
तीन दिन चलेगा निशानेबाजी का रोमांच
27 से 29 सितंबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में खिलाड़ी पदक के लिए लक्ष्य साधेंगे। अलग-अलग जिलों से आए प्रतिभागियों के बीच होने वाले मुकाबलों से राज्य की नई तीरंदाजी प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा।
खेल प्राधिकरण के अनुसार, राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का उद्देश्य सिर्फ पदक तक सीमित नहीं है। ऐसे आयोजनों के जरिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने की योजना है।
राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए तैयार होंगे खिलाड़ी
रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि सरकार खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें कुशल प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में तराशने पर जोर दिया जा रहा है।
उद्देश्य है कि इन खिलाड़ियों को आगे चलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाए, ताकि वे बिहार और देश के लिए पदक जीत सकें।
ये खबर भी पढ़े: बांस की कला को बाजार से जोड़ने की पहल, शेखपुरा में जुटे हस्तशिल्प कारीगर!