नालंदा: फर्जी दस्तावेज के जरिए जमीन रजिस्ट्री कराने और एक करोड़ रुपये रंगदारी मांगने के आरोपों में फरार चल रहे पूर्व नगर विधायक नौशादुनवी उर्फ पप्पू खां की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस मुख्यालय ने उनकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। मामला वेना थाना कांड संख्या 544/23 से जुड़ा है, जिसमें पूर्व विधायक के साथ उनकी पत्नी आफरीन सुल्ताना समेत छह लोगों को आरोपित बनाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पूर्व विधायक की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। वेना थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। 25 अप्रैल को पूर्व विधायक के आवास पर भी पुलिस ने दबिश दी थी, लेकिन वे वहां नहीं मिले। इसके बाद पुलिस मुख्यालय की ओर से उन पर इनाम घोषित किया गया है।
30 डिसमिल जमीन से शुरू हुआ पूरा विवाद
मामला एनएच किनारे रहुई मौजा स्थित करीब 30 डिसमिल जमीन से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ललन कुमार के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2021 में यह जमीन बनारसी प्रसाद से खरीदी थी और उसके बाद जमीन की रसीद भी कटवा रहे थे।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि इसी दौरान पूर्व विधायक हथियारबंद लोगों के साथ वहां पहुंचे और जमीन खाली करने अथवा एक करोड़ रुपये रंगदारी देने की धमकी दी। इसके साथ ही जमीन पर अपने अधिकार का दावा करते हुए एक कथित वसीका भी दिखाया गया।
पत्नी के नाम कराई गई थी जमीन की रजिस्ट्री
मामले की जांच के दौरान पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर जमीन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की गई। शिकायत के अनुसार, जमीन की रजिस्ट्री भूषण महतो नामक व्यक्ति से पूर्व विधायक की पत्नी आफरीन सुल्ताना के नाम कराई गई थी।
जांच में रजिस्ट्री दस्तावेज में दर्ज पता और आधार नंबर फर्जी पाए जाने का आरोप है। इसके अलावा दस्तावेज में कातिब का नाम भी दर्ज नहीं होने की बात सामने आई।
दोहरी जमाबंदी को लेकर भी उठे सवाल
जमीन विवाद की जांच में राजस्व रिकॉर्ड भी सवालों के घेरे में आया। उपलब्ध जांच रिपोर्ट के अनुसार, तत्कालीन एसडीओ और डीसीएलआर ने रहुई के तत्कालीन सीओ की भूमिका को संदिग्ध बताया था। आरोप है कि वर्ष 2018 में संबंधित जमीन की दोहरी जमाबंदी कर दी गई थी।
अब पुलिस मुख्यालय की ओर से पूर्व विधायक पर इनाम घोषित किए जाने के बाद मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
ये खबर भी पढ़े: 37वीं ईस्ट जोन जूनियर नेशनल एथलेटिक्स में ओडिशा चैंपियन, बिहार उपविजेता!
स्कूटी और 2 लाख चोरी कांड में कोर्ट का बड़ा एक्शन, चार आरोपियों को समन!