लखीसराय: शहर के विकास और नगर परिषद की आय बढ़ाने को लेकर गुरुवार को आयोजित बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। नगर परिषद सभापति अरविंद पासवान की अध्यक्षता में प्रशासनिक भवन में हुई बैठक में शहर के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और आवासीय मकानों से स्वच्छता एवं सुविधा शुल्क वसूलने का निर्णय लिया गया। वहीं दशहरा पूजा के बाद नियमानुसार कुल 77 आशा कार्यकर्ताओं की बहाली की प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर भी सहमति बनी।
बैठक में यह तय किया गया कि मलिन बस्तियों और गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों को छोड़कर शहर के अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों तथा आवासीय मकानों के उपयोगकर्ताओं से सुविधा एवं स्वच्छता शुल्क की वसूली की जाएगी। नगर परिषद के इस निर्णय का मकसद नियमित स्वच्छता व्यवस्था के लिए संसाधन जुटाना और नगर निकाय की आय बढ़ाना बताया गया।

पुराने भवन से हर महीने एक लाख की कमाई की तैयारी
बैठक में पुरानी बाजार स्थित पुराने नगर परिषद भवन को व्यवसायिक उपयोग के लिए किराये पर देने का भी निर्णय लिया गया। भवन को एक लाख रुपये प्रति माह की दर से उपलब्ध कराने के लिए टेंडर निकालने की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी। इससे नगर परिषद को नियमित राजस्व मिलने की उम्मीद है।
त्योहार में शहर चमकेगा, जगह-जगह होगी दूधिया रोशनी
दशहरा और आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर की रोशनी व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। सभापति अरविंद पासवान ने शहर के विभिन्न स्थानों पर दूधिया रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। इसके तहत प्रमुख जगहों और जरूरत वाले क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर करने पर जोर दिया जाएगा।
77 आशा कार्यकर्ताओं की बहाली पर भी फैसला
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन के अनुसार दशहरा पूजा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद नगर परिषद क्षेत्र में कुल 77 आशा कार्यकर्ताओं की बहाली नियमानुसार करने की बात कही गई। बहाली की प्रक्रिया संबंधित नियमों के तहत आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
बैठक के बीच पॉलीथिन ने खींचा ध्यान
बैठक में लिए गए फैसलों के अलावा एक अलग वजह से भी यह बैठक चर्चा में रही। शहर में पॉलीथिन के इस्तेमाल पर पाबंदी के बावजूद सभापति के सामने ही नगर परिषद कर्मियों द्वारा वार्ड पार्षदों को काली पॉलीथिन दी जा रही थी।
बताया गया कि बैठक में उपलब्ध कराए गए ब्रेकफास्ट और कोल्ड ड्रिंक को पार्षद सुविधा के अनुसार अपने घर ले जा सकें, इसके लिए पॉलीथिन का इस्तेमाल किया गया। यानी जिस नगर परिषद के जिम्मे शहर को पॉलीथिन मुक्त रखने और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की जिम्मेदारी है, उसी की बैठक में पॉलीथिन का इस्तेमाल नजर आया।
यह दृश्य बैठक में लिए गए स्वच्छता शुल्क और शहर की सफाई व्यवस्था से जुड़े फैसलों के बीच खास तौर पर चर्चा का विषय बन गया।
बैठक में पिछले निर्णयों की संपुष्टि के बाद सभापति अरविंद पासवान ने बैठक समाप्त करने की घोषणा की।

ये खबर भी पढ़े: यूपी में BJP से अलग चुनाव की तैयारी में JDU, 40 सीटों पर नजर, निशांत संभालेंगे कमान!