शेखपुरा: जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट की घटना को लेकर शेखपुरा में युवा कांग्रेस ने बुधवार को सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिला युवा कांग्रेस के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस आश्रम से पटेल चौक तक विरोध मार्च निकाला। पटेल चौक पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
जमुई की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के लिए एसआईटी गठित की है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई भी शुरू की है।
‘बयान नहीं, जमीन पर कार्रवाई दिखाए सरकार’
प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस नेता राहुल कुमार ने किया। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बेटियों की सुरक्षा केवल बयान और आश्वासन से सुनिश्चित नहीं हो सकती। उन्होंने मुख्यमंत्री के पूर्व बयान का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि जब सरकार बेटियों की सुरक्षा को लेकर इतने कड़े दावे करती है तो ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं दिखाई देती।
राहुल कुमार ने कहा कि जमुई की घटना ने बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सरकार से पीड़िता को न्याय दिलाने और मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पटेल चौक पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को राजनीतिक बयानबाजी का विषय बनाने के बजाय प्रशासन को प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
चुनाव आयोग के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
प्रदर्शन के बाद राहुल कुमार ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का भी जिक्र किया। उन्होंने मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर स्पष्ट जवाब तथा पारदर्शिता की मांग की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकार, बेटियों की सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाती रहेगी।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में मुन्ना सिंह, प्रेम कुमार गुप्ता, अमीर राज मंडल, गौतम साह, चुनूं साव, राजा राम प्रसाद, सहदेव चौरसिया, पप्पू मिश्रा, आशीष रंजन, अधिवक्ता सुमन कुमार, राजीव पटेल, कौशल सिंह, मोहम्मद मुर्शीद, निगम कुमार समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, युवा कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
ये खबर भी पढ़े: जमुई की घटना पर राहुल गांधी का सरकार से सवाल, बोले- शाम 7 बजे लड़की सुरक्षित क्यों नहीं?