पटना: बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक (तकनीकी) कमलेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मंगलवार को पटना और वैशाली में कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। EOU के अनुसार, जांच में कमलेश कुमार के पास ज्ञात वैध आय से करीब 3 करोड़ 12 लाख 51 हजार रुपये अधिक संपत्ति होने के प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिले हैं। यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 103.30 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
EOU की कार्रवाई के दौरान पटना के अलग-अलग आवासों, वैशाली स्थित पैतृक आवास और भवन निर्माण निगम के कार्यालय में दस्तावेजों एवं संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की गई। तलाशी के दौरान ज्वेलरी, बैंक खातों और निवेश से जुड़े दस्तावेज तथा लग्जरी वाहनों से संबंधित कागजात मिलने की जानकारी सामने आई है।
16 बैंक खातों में मिले 25.86 लाख रुपये
जांच के दौरान कमलेश कुमार और उनके करीबी परिजनों के नाम से SBI, ICICI और HDFC बैंक के कुल 16 खाते मिलने की जानकारी दी गई है। इन खातों में करीब 25 लाख 86 हजार 661 रुपये की राशि बताई गई है। EOU के अनुसार, इन बैंक खातों को फ्रीज किया गया है। साथ ही LIC और अन्य बीमा कंपनियों में निवेश से जुड़े दस्तावेज भी जांच के दायरे में लिए गए हैं।
घर में ताला मिलने पर घंटों इंतजार करती रही टीम
पटना के राजीव नगर स्थित एक आवास पर पहुंची EOU टीम को शुरुआत में घर में ताला मिला। अधिकारियों को तलाशी शुरू करने के लिए कई घंटे इंतजार करना पड़ा। इसके बाद टीम ने परिसर में तलाशी ली और दस्तावेजों तथा अन्य संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की।
जांच के दौरान कमलेश कुमार के बेटे की निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई से संबंधित जानकारी भी सामने आई है। EOU इस शिक्षा पर हुए खर्च और उसके स्रोत से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
21 सितंबर को दर्ज हुई FIR
EOU थाना में 21 सितंबर 2026 को कांड संख्या 24/26 दर्ज की गई। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। FIR के बाद विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर 22 सितंबर को अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई शुरू की।
EOU की तलाशी और जांच की प्रक्रिया जारी है। बरामद दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड के सत्यापन के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये खबर भी पढ़े: जमुई कांड पर मांझी का तेजस्वी पर तंज, बोले- अब कहेंगे सम्राट चौधरी ने मेरे भाई को ठोकवा दिया!