औरंगाबाद: रफीगंज शहर के वार्ड नंबर 14 स्थित ब्लॉक रोड के पास सोमवार को एक आरा मशीन में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा परिसर धू-धू कर जलने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक आरा मशीन में रखा फर्नीचर, लकड़ी और मशीनरी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
आरा मशीन संचालक आर्यन कुमार के अनुसार आगलगी में बेड, सोफा, पलंग, कुर्सियां समेत बड़ी मात्रा में तैयार फर्नीचर और कच्चा माल नष्ट हो गया। इस हादसे में एक गाय का बछड़ा भी आग की चपेट में आ गया, जिसकी मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई।
पीड़ित ने बताया कि इस घटना में लगभग 4 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
सहायक अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी मुन्ना कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों को तत्काल भेजा गया और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग को फैलने से रोक लिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : बिहार की सियासत में रणनीति का केंद्र बने ललन सिंह, सत्ता के समीकरणों में अहम भूमिका की चर्चा!
औरंगाबाद बिहार से दीनानाथ मौआर का रिपोर्ट…