पटना: कॉमेडी का मंच एक बार फिर विवाद का अखाड़ा बन गया है। समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ की एक वायरल क्लिप को लेकर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक बहस छिड़ गई है। इस बार निशाने पर बिहार और कश्मीरी पंडितों से जुड़े कमेंट हैं।
शो में समय रैना और कॉमेडियन शेरॉन वर्मा ने एक-दूसरे के बैकग्राउंड को लेकर मजाक किया। लेकिन बातचीत उस वक्त विवादों में आ गई, जब बिहार से मुंबई आने को लेकर किए गए कमेंट के जवाब में शेरॉन ने कश्मीर और विस्थापन से जुड़ा तीखा तंज कर दिया।
‘काम के लिए मुंबई आना… जस्ट बिहारी थिंग्स’
वायरल क्लिप में समय रैना, शेरॉन वर्मा के बिहारी बैकग्राउंड पर मजाक करते नजर आते हैं। इसी दौरान उन्होंने बिहार से नौकरी की तलाश में मुंबई आने को लेकर तंज कसा।
इसके जवाब में शेरॉन वर्मा ने समय रैना के कश्मीरी बैकग्राउंड को लेकर पलटवार किया। इसके बाद दोनों के कमेंट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए।
एक लाइन ने बदल दिया पूरा माहौल
विवाद की सबसे बड़ी वजह शेरॉन का वह जवाब बना, जिसे सोशल मीडिया यूजर्स ने कश्मीरी पंडितों के विस्थापन से जोड़कर देखा। वायरल क्लिप सामने आने के बाद कुछ यूजर्स ने आरोप लगाया कि कॉमेडी के नाम पर गंभीर सामाजिक और ऐतिहासिक घटनाओं को मजाक का विषय बनाया गया।
दूसरी ओर, कुछ लोग इसे शो के कॉमेडी फॉर्मेट और कलाकारों के बीच आपसी मजाक का हिस्सा बता रहे हैं। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर बहस दो हिस्सों में बंट गई है।
मंत्री से विधायक तक ने जताई नाराजगी
मामला सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहा। बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने टिप्पणियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसी बातें स्वीकार नहीं की जा सकतीं और समाज में विभाजन पैदा करने वाले बयानों से बचना चाहिए।
वहीं महाराष्ट्र के बीजेपी विधायक राम कदम ने भी समय रैना की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि विवादित बयान देकर पब्लिसिटी हासिल करने की कोशिश की जाती है और कश्मीरी पंडितों तथा सनातन धर्म को मजाक का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।
अर्चना पूरन सिंह ने भी पलट दिया तंज
इसी एपिसोड में अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह भी समय रैना के मजाक का जवाब देती नजर आईं। ब्लॉगिंग को लेकर किए गए तंज पर अर्चना का पलटवार दर्शकों को खूब पसंद आया और क्लिप में तालियों की गूंज सुनाई दी।
फिर वही सवाल—कॉमेडी की सीमा आखिर कहां?
समय रैना का शो पहले भी अपने कंटेंट और भाषा को लेकर विवादों में रहा है। ताजा मामला एक बार फिर वही पुराना सवाल सामने ले आया है—क्या हर बात को कॉमेडी के नाम पर कहा जा सकता है, या फिर कुछ विषय ऐसे हैं जहां मजाक की भी एक सीमा होनी चाहिए?
फिलहाल वायरल क्लिप को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है और मामला राजनीतिक बयानबाजी तक पहुंच चुका है। हालांकि, वायरल वीडियो के संदर्भ और पूरी बातचीत को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
ये खबर भी पढ़े: बिहार की बेटी अंशु की मुट्ठी में दुनिया जीतने का सपना, अब मोंटेनेग्रो में भारत के लिए बरसेंगे मुक्के!