सुपौल: सदर अस्पताल एक बार फिर विवादों में घिर गया, जब बुधवार देर शाम इमरजेंसी वार्ड में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
मृतका की पहचान किशनपुर थाना क्षेत्र के मोधरा राजपुर पंचायत निवासी स्वर्गीय मोहम्मद जहूर की पत्नी शयरून निशा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, महिला को हल्की उल्टी और सीने में दर्द की शिकायत थी, जिसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बावजूद डॉक्टर ने समय पर इलाज शुरू नहीं किया। उनका कहना है कि चिकित्सक मरीज को देखने के बजाय पुराने पर्चे की मांग करते रहे। जब तक परिजन कागजात लेकर लौटे, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। इस घटना से गुस्साए लोगों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को परिजनों को सौंप दिया।
इस घटना के बाद एक बार फिर सदर अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। परिजन दोषी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं प्रशासन ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : जब डीएम-एसपी खुद सड़कों पर उतरे… शिवहर में बिहार दिवस बना जनउत्सव!
सुपौल से मोo अख्तरूल इस्लाम की रिपोर्ट…