सुपौल: हज यात्रा की तैयारियों को लेकर सुपौल में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। शहर के मरकज जामा मस्जिद सुपौल में हज पर जाने वाले यात्रियों के लिए विशेष ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें हाजियों को यात्रा से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां विस्तार से दी गईं।
इस ट्रेनिंग कार्यक्रम में हाजी मुख्तार साहब, हाजी असगर साहब और अख्तर साहब ने हाजियों को हज के दौरान किए जाने वाले अरकान, नियम-कायदे और जरूरी एहतियात के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विशेष रूप से सफर के दौरान अनुशासन, साफ-सफाई और एक-दूसरे के सहयोग के महत्व पर जोर दिया।
इस वर्ष सुपौल जिले से कुल 25 हज यात्री इस ट्रेनिंग में शामिल हुए, जिनमें 10 महिलाएं और 15 पुरुष शामिल हैं। सभी हाजियों ने पूरी गंभीरता के साथ प्रशिक्षण लिया और अपनी यात्रा को सफल बनाने का संकल्प लिया।
वहीं, पड़ोसी मधेपुरा जिले से भी कई हज यात्री सुपौल पहुंचकर इस ट्रेनिंग में शामिल हुए। उन्हें भी हज यात्रा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश और धार्मिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान कई हाजियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया और उन्हें फिटनेस सर्टिफिकेट प्रदान किया गया, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या न हो।
आयोजकों ने बताया कि 19 अप्रैल से हज यात्रियों की रवानगी शुरू हो जाएगी। इसे लेकर सभी हाजियों में काफी उत्साह और खुशी का माहौल है।
यह ट्रेनिंग कार्यक्रम हाजियों के लिए न केवल धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि उन्हें सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा के लिए भी पूरी तरह तैयार करने में सहायक साबित हुआ।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : खगड़िया में रिश्तों ने लिया खूनी रूप… चचेरे भाई ने बुलाया और मार दी गोली!
सुपौल से मोo अख्तरूल इस्लाम की रिपोर्ट…