सीवान: ऊपर से कंटेनर में आटा और कंबल, लेकिन इनके नीचे बना था शराब तस्करी का पूरा इंतजाम। सीवान के गुठनी में पुलिस ने एक ऐसे ही संदिग्ध कंटेनर को पकड़कर करीब 13.50 लाख रुपये मूल्य की 1728 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
कार्रवाई गुठनी चौराहा के पास मेहरौना मुख्य मार्ग पर हुई। पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना मिली थी कि श्रीकरपुर चेकपोस्ट के रास्ते शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मेहरौना मुख्य मार्ग पर वाहनों की जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। शुरुआत में कंटेनर में आटा और कंबल नजर आया, लेकिन पुलिस ने जब गहराई से जांच की तो इनके बीच शराब छिपाने के लिए बनाया गया तहखाना सामने आया।
तलाशी में कंटेनर से 200 कार्टन में कुल 1728 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र निवासी चालक वीरेंद्र राय को गिरफ्तार किया।
आटा-कंबल की आड़ में शराब की खेप
पुलिस जांच में सामने आया कि तस्करों ने शराब को सामान्य सामान की तरह दिखाने के लिए कंटेनर में आटा और कंबल रखा था। शराब को इनके बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था, ताकि जांच के दौरान आसानी से शक न हो।
पुलिस के अनुसार शराब की यह खेप पटना में डिलीवरी की जानी थी। अब पुलिस गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लोड हुई थी और पटना में इसे किसे सौंपा जाना था।
ड्राइवर की गिरफ्तारी से नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
एसडीपीओ मैरवा आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि पुलिस शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। पुलिस बरामद शराब, कंटेनर और तस्करी के तरीके से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
गुठनी में हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर दिखाया कि शराब तस्कर पुलिस की नजर से बचने के लिए सामान्य सामान की आड़ में किस तरह बड़ी खेप को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।
ये खबर भी पढ़े: किऊल नदी में युवक लापता, NDRF के साथ तलाश में जुटी पुलिस!