लखीसराय: शहर के केआरके मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के दूसरे मुकाबले में सासाराम और रोहतास की टीमों के बीच बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर देखने को मिली। मैच के शुरू होते ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर लगातार दबाव बनाए रखा।
पूरे निर्धारित समय तक दोनों टीमों ने शानदार डिफेंस और आक्रमण का संतुलित प्रदर्शन किया, लेकिन कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। सासाराम की टीम ने कई बार गोल करने के मौके बनाए, वहीं रोहतास की टीम ने भी तेज पलटवार करते हुए गोल करने की कोशिश की, लेकिन दोनों टीमों की गोलकीपिंग और डिफेंस मजबूत रहा।
निर्धारित समय तक स्कोर बराबरी पर रहने के बाद मैच का फैसला टाई ब्रेकर के जरिए किया गया। टाई ब्रेकर में रोहतास की टीम ने संयम और सटीकता का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3-2 से जीत हासिल कर ली। इस दौरान रोहतास की गोलकीपर खुशबू कुमारी ने शानदार बचाव करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
उनके बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए खुशबू कुमारी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया। मैच के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला और हर एक पेनल्टी किक पर रोमांच चरम पर था।
इस मुकाबले के मुख्य अतिथि महिसोना पंचायत के मुखिया विपिन कुमार रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के खेल आयोजन से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और खिलाड़ियों का मनोबल भी बढ़ता है।
इस रोमांचक जीत के साथ रोहतास की टीम ने अगले चरण में अपनी जगह पक्की कर ली है, जबकि सासाराम की टीम को कड़े मुकाबले के बावजूद हार का सामना करना पड़ा। मैच ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा और खेल प्रेमियों के लिए यादगार बन गया।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : धान खरीद में खेल या सिस्टम फेल? लखीसराय DM पर सरकार का शिकंजा!
