पटना: महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को पटना के गांधी घाट में आयोजित राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के बीच सम्मान और पारंपरिक शिष्टाचार देखने को मिला।
Bihar News : विजय सिन्हा के जनता दरबार में कांग्रेस नेत्री प्रतिमा दास ने जताई जमीन कब्जा की शिकायत!
समारोह की शुरुआत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल के साथ गांधी घाट की ओर बढ़े। इस दौरान उन्होंने पहले राज्यपाल को नमस्कार किया और फिर उनके कंधे पर हाथ रखकर साथ-साथ चलते हुए सम्मान प्रदर्शित किया। समारोह स्थल पहुँचने पर नीतीश कुमार ने इशारों के माध्यम से राज्यपाल को कुर्सी ऑफर की, जिसे राज्यपाल ने स्वीकार कर सीट पर बैठकर सभी को संकेत दिया।
सलामी के समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाथ जोड़कर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। सभी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महात्मा गांधी के विचारों और सिद्धांतों पर चलकर देश का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” का मंत्र गांधी जी के विचारों से प्रेरित है और इसका उद्देश्य समाज और देश को आगे बढ़ाना है।
Bihar News : सरकारी डॉक्टरों की निजी प्रैक्टिस पर लगेगी रोक, नीतीश सरकार ने बनाई उच्चस्तरीय कमेटी!
इसके अलावा भूमि सुधार और भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के संदर्भ में उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भू-माफियाओं के साथ खड़े अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे और जो भी पदाधिकारी या कर्मचारी इस कार्य में बाधा डालने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि जनता के हित में काम करने वाले कर्मियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी और जनता के बीच जाकर भूमि सुधार जनसंवाद कार्यक्रम जारी रहेगा।
समारोह और मीडिया संवाद दोनों ने यह स्पष्ट किया कि राज्य सरकार महात्मा गांधी के विचारों, पारदर्शिता और कड़े प्रशासनिक अनुशासन के साथ शासन की दिशा आगे बढ़ा रही है।