नालंदा में सोमवार की सुबह अचानक हाई-वोल्टेज एक्शन देखने को मिला, जब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और बिहार ATS की संयुक्त टीम ने जिले के अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। सुबह करीब 4 बजे शुरू हुए इस ऑपरेशन ने पूरे इलाके को अलर्ट मोड में ला दिया।
बिहारशरीफ के पोस्ट ऑफिस मोड़ स्थित पीके गन हाउस इस कार्रवाई का मुख्य केंद्र बना, जहां भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई और टीम ने अंदर गहन जांच शुरू की। सूत्रों के मुताबिक, गन हाउस के लाइसेंस, हथियारों के रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और हथियारों के नंबरों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह कोई साधारण छापेमारी नहीं, बल्कि एक बड़े हथियार तस्करी नेटवर्क को खंगालने की कोशिश है। नालंदा में एक साथ 6 जगहों पर रेड की गई, जिनमें लहेरी थाना क्षेत्र का गन हाउस, चीकसौरा का मिर्जापुर गांव, हिलसा का राममूर्ति नगर और इस्लामपुर का सकरी गांव शामिल हैं।
सूत्र बताते हैं कि इन ठिकानों का कनेक्शन सत्येंद्र प्रसाद नाम के एक शख्स से जुड़ा है, जो फिलहाल आर्म्स एक्ट के मामले में जेल में बंद है। आशंका है कि इसी नेटवर्क के जरिए अवैध हथियारों की सप्लाई होती थी।
इस पूरे ऑपरेशन के लिए करीब 100 अधिकारियों की स्पेशल टीम बनाई गई थी, जिसने बिना किसी पूर्व सूचना के तड़के ही सभी चिन्हित जगहों पर एक साथ दबिश दी। खास बात यह रही कि स्थानीय पुलिस को भी पहले से इसकी भनक नहीं लगने दी गई।
गौरतलब है कि नालंदा पहले भी हथियार तस्करी के मामलों को लेकर एजेंसियों के रडार पर रहा है। इससे पहले भी कई बार छापेमारी और बरामदगी हो चुकी है।
फिलहाल जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई में जुटी हैं और माना जा रहा है कि इस मेगा ऑपरेशन से हथियार तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : जिसने जन्म दिया, उसी ने छीन ली जिंदगी… गोपालगंज से झकझोर देने वाली घटना!
नालंदा से वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट…