नालंदा: नगर निकाय कर्मियों का गुस्सा एक बार फिर सड़क पर फूट पड़ा। नालंदा जिले के बिहारशरीफ में बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर नगर निकाय कर्मियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान जिलेभर के विभिन्न नगर निकायों के कर्मचारी बड़ी संख्या में एकजुट होकर सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी प्रशासन को सौंपा।

प्रदर्शन में निगम कामगार यूनियन के साथ-साथ इस्लामपुर, हरनौत, एकंगरसराय, गिरियक और अस्थावां सहित कई नगर पंचायतों के कर्मचारी शामिल हुए।
कर्मचारियों की मुख्य मांगों में उन्हें स्थायी करने, ठेका प्रथा समाप्त करने और समान काम के बदले समान वेतन लागू करने की मांग प्रमुख रही। उनका कहना है कि वर्षों से वे कम वेतन और अस्थायी व्यवस्था में कार्य कर रहे हैं, जिससे उनका जीवन काफी प्रभावित हो रहा है।
इस आंदोलन में मनोज रविदास, महेश दास, शांति देवी, सुनील डोम, बबलू डोम सहित कई कर्मियों ने भाग लिया और अपनी आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान माहौल पूरी तरह आक्रोशित नजर आया और कर्मचारियों ने सरकार से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की। अब देखना होगा कि सरकार इन मांगों पर क्या रुख अपनाती है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : बिहार की सियासत में रणनीति का केंद्र बने ललन सिंह, सत्ता के समीकरणों में अहम भूमिका की चर्चा!
नालंदा से वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट…