लखीसराय: जिले के पुरानी बाजार मध्य विद्यालय में 30 मार्च 2026 को 74वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। वर्ष 1952 में स्थापित यह विद्यालय अब न सिर्फ शिक्षा, बल्कि संस्कार और सामाजिक भागीदारी का भी केंद्र बन चुका है।
प्रधानाध्यापक संजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में यहां हर वर्ष आयोजित होने वाला विदाई सह सम्मान समारोह एक परंपरा का रूप ले चुका है। खास बात यह है कि इस सरकारी विद्यालय का आयोजन किसी निजी स्कूल से कम नहीं, बल्कि कई मामलों में उससे बेहतर माना जाता है।
इस बार के कार्यक्रम को लेकर खास उत्साह इसलिए भी है, क्योंकि मुख्य अतिथि के रूप में मिथलेश मिश्र के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा शिक्षा विभाग के कई वरीय अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रह सकते हैं।
आयोजित कार्यक्रम में वार्षिक परीक्षाफल की घोषणा, प्रगति पत्र वितरण, अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी और कक्षा 8 के छात्र-छात्राओं का विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “प्रवेश से प्रगति तक, विद्यालय और अभिभावक साथ-साथ” रखी गई है।
अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में बच्चों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और बेहतर भविष्य के लिए परिवार और विद्यालय की संयुक्त भूमिका पर चर्चा होगी। वक्ताओं का मानना है कि बच्चों की सफलता में स्कूल और अभिभावकों की बराबर जिम्मेदारी होती है।
वार्षिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रगति पत्र के साथ सम्मानित किया जाएगा। वहीं कक्षा 8 के छात्र-छात्राओं को विदाई दी जाएगी, जहां जूनियर छात्र सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए उन्हें शुभकामनाएं देंगे।
डीएम मिथलेश मिश्र ने सरकारी विद्यालयों में हो रहे सकारात्मक बदलाव पर संतोष जताते हुए कहा कि अब सरकारी स्कूल भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के केंद्र बन रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में निरंतर सहयोग करने की अपील की।
विद्यालय परिवार—प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण, अभिभावक और शिक्षा विभाग के अधिकारी—इस कार्यक्रम को सफल और यादगार बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : पटना में ‘दिमाग की बाज़ी’ का महामुकाबला, बिहार ओपन FIDE शतरंज में इंद्रजीत का जलवा, स्कूलों में भी पहुंचेगा चेस!
