लखीसराय: जिले में आध्यात्मिक माहौल बनने जा रहा है। महर्षि मेंहीं परमहंस जी महाराज की शिक्षाओं पर आधारित संतमत सत्संग का 26वां वार्षिक अधिवेशन 30 और 31 मार्च 2026 को आयोजित होगा। यह दो दिवसीय कार्यक्रम के.आर.के मैदान (नगर भवन) में आयोजित किया जाएगा, जहां सुबह 6 बजे और दोपहर 2 बजे से ज्ञान यज्ञ और प्रवचन होंगे।
इस पावन अवसर पर स्वामी भगीरथ दास जी महाराज सहित कई वरिष्ठ संत-महात्माओं का आगमन होगा। बताया जा रहा है कि भागलपुर के कुप्पाघाट स्थित महर्षि मेंही आश्रम से संतों का विशेष दल लखीसराय पहुंचेगा, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और बढ़ेगी।
संतमत सत्संग समिति के अनुसार, यह आयोजन सिर्फ एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं बल्कि आत्मिक जागरण और ज्ञान प्राप्ति का अवसर है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं और धर्मावलंबियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर संतों के दर्शन और प्रवचन का लाभ उठाएं।
कार्यक्रम स्थल लखीसराय शहर से दक्षिण दिशा में लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के अध्यक्ष कृष्ण नंदन महतो, मंत्री अशोक प्रसाद दास और कोषाध्यक्ष राजनारायण आर्य सहित कई सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।
दो दिनों तक चलने वाले इस आध्यात्मिक आयोजन में भजन, प्रवचन और ज्ञान यज्ञ के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन दिया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि ऐसे कार्यक्रम समाज में शांति, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का काम करते हैं।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : रामनवमी पर शिवहर हुआ राममय, 20 किमी लंबी भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब!
