गया: बिहार में छेड़खानी और महिलाओं से जुड़ी घटनाओं को लेकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शुक्रवार को तल्ख अंदाज में कहा कि लोगों को थोड़ा इंतजार करना चाहिए। उन्होंने कहा, “ठहरिए, धैर्य रखिए, कार्रवाई होगी।” समस्तीपुर की घटना में कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर मांझी ने कहा कि प्रक्रिया चल रही है और कोई भी दोषी बच नहीं पाएगा।
SIR को बताया मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया
SIR को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह किसी व्यक्ति या किसी वर्ग के खिलाफ नहीं है, बल्कि गलत तरीके से मतदाता सूची में शामिल लोगों को चिन्हित कर सूची को संशोधित और शुद्ध करने की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि सही मतदाताओं का ही मतदान के अधिकार पर हक होना चाहिए।
मांझी ने आरोप लगाया कि गलत मतदाताओं के सहारे चुनाव जीतने वाले लोगों को ही SIR से परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती राज्यों में बाहर से आए लोगों के मतदाता बनने और राजनीति को प्रभावित करने के मुद्दे पर सरकार की ओर से कदम उठाया जाना गलत नहीं है।
उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय और प्रधानमंत्री की ओर से इस दिशा में कार्रवाई की जा रही है तो इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और वास्तविक बनाना है।
चुनाव रद्द करने की मांग पर बोले- पहले SIR का असर देखिए
इंडिया गठबंधन की ओर से बिहार, बंगाल और हरियाणा में चुनाव रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग पर मांझी ने कहा कि पहले SIR की प्रक्रिया पूरी होने दी जानी चाहिए। इसके बाद देखा जाएगा कि इसका चुनावी परिणामों पर कितना प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि इसके आधार पर आगे का निर्णय लिया जा सकता है और प्रधानमंत्री इस मामले में सक्षम हैं।
जमुई मामले में पीड़िता की पहचान उजागर करने पर टिप्पणी से बचे
जमुई की घटना में पीड़िता की पहचान उजागर करने को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स पर प्राथमिकी दर्ज होने और मुख्यमंत्री की ओर से तस्वीर जारी किए जाने के सवाल पर मांझी ने कहा कि यह ऐसा विषय है, जिस पर उन्हें टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने किस सोच के तहत ऐसा किया, यह वही बेहतर बता सकते हैं।
सोशल मीडिया और यूट्यूब पत्रकारिता पर उन्होंने कहा कि एक-दो या कुछ यूट्यूबर हों तो ठीक है, लेकिन जब इनकी संख्या बहुत अधिक हो जाती है तो गलत सूचनाएं और गैर-जिम्मेदाराना खबरें भी सामने आने लगती हैं। उन्होंने ऐसे मामलों में सावधानी बरतने की जरूरत बताई।
‘जमुई में एनकाउंटर तो समस्तीपुर में क्यों नहीं?’ सवाल पर फिर बोले- कोई नहीं बचेगा
समस्तीपुर मामले में जमुई जैसी कार्रवाई नहीं होने के सवाल पर मांझी ने कहा कि यह कोई ऐसी चीज नहीं है जो तुरंत हो जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई प्रक्रिया के तहत होगी। उनका कहना था कि “प्रक्रियाधीन है, कोई नहीं बचेगा। ठहरिए, धैर्य रखिए, कार्रवाई होगी।”
केंद्रीय मंत्री के इस बयान से साफ है कि उन्होंने समस्तीपुर मामले में जल्दबाजी के बजाय कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार करने की बात कही है।
ये खबर भी पढ़े: किशनगंज में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ RJD का प्रदर्शन, चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल!