शेखपुरा

महिला संवाद में सैकड़ों ने रखी अपनी बात, योजनाओं की ली जानकारी

महिला सशक्तीकरण को लेकर राज्य सरकार ने 18 अप्रैल से महिला संवाद कार्यक्रम की शुरुआत की है। इसी क्रम में शनिवार, 19 अप्रैल 2025 को जिले के आठ स्थानों पर महिला संवाद का आयोजन किया गया।

सदर प्रखंड के कुसुंभा गांव में वैष्णवी जीविका महिला ग्राम संगठन और खखड़ा गांव में निर्मल जीविका महिला ग्राम संगठन के बैठक स्थल पर एलईडी वैन के माध्यम से योजनाओं से जुड़ी फिल्में दिखाई गईं।

अरियरी प्रखंड के मसौढ़ और कोइंदा गांव में जिया और साई जीविका महिला ग्राम संगठन की सैकड़ों महिलाओं ने कार्यक्रम देखा। महिलाओं ने योजनाओं की जानकारी ली और अपने अनुभव साझा किए।

बरबीघा प्रखंड के रमजानपुर और बलवापर गांव में अन्नपूर्णा और प्रकाश जीविका महिला ग्राम संगठन के बैठक स्थल पर भी महिला संवाद हुआ। यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं पहुंचीं। एलईडी वैन के जरिए योजनाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं ने बताया कि उन्हें सरकार की कई योजनाओं से लाभ मिला है।

कुछ महिलाओं ने शौचालय निर्माण की मांग रखी। कई ने घरेलू कामकाज के साथ स्वरोजगार शुरू करने की इच्छा जताई।

चेवाड़ा प्रखंड के सिझौड़ी और सिलौड़ी गांव में मौसम और ज्ञानदीप जीविका महिला ग्राम संगठन के बैठक स्थल पर भी महिला संवाद हुआ। यहां भी सैकड़ों महिलाओं को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही विस्तृत जानकारी के लिए लीफलेट भी बांटे गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!