तेज रफ्तार ट्रक ने छठ व्रती को कुचला, हालत नाजुक
बुधौली ढुलाऊ के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने छठ व्रती महिला को कुचल दिया। हादसे में पचना गांव की रहने वाली कंचन देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। वह छठ पूजा की तैयारी के लिए शेखपुरा बाजार आई थीं। फलों की खरीदारी कर लौट रही थीं, तभी हादसा हुआ।

शेखपुरा नगर थाना क्षेत्र के बुधौली ढुलाऊ के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने छठ व्रती महिला को कुचल दिया। हादसे में पचना गांव की रहने वाली कंचन देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। वह छठ पूजा की तैयारी के लिए शेखपुरा बाजार आई थीं। फलों की खरीदारी कर लौट रही थीं, तभी हादसा हुआ।
कंचन देवी की सास शकुंतला देवी ने बताया कि ट्रक ने उन्हें बेरहमी से रौंद दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। उसी समय एक ई-रिक्शा चालक ने मानवता की मिसाल पेश की। घायल कंचन देवी को अपने वाहन में लादकर तुरंत शेखपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच शुरू कर दी गई है। फरार ट्रक चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।