रामगढ़: मांडू थाना क्षेत्र के हेसागढ़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप शनिवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब लदे एक ट्रेलर को जब्त किया। तलाशी के दौरान ट्रेलर से रॉयल स्टैग शराब के 103 कार्टन बरामद किए गए। इन कार्टनों में कुल 1236 बोतल शराब मिली, जिस-की मात्रा करीब 927 लीटर बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूनायत को सूचना मिली थी कि हेसागढ़ा में सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर में भारी मात्रा में शराब लदी हुई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने हेसागढ़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास खड़े संदिग्ध ट्रेलर की जांच शुरू की। ट्रेलर की तलाशी लेने पर उसके डाला में रॉयल स्टैग शराब के 103 कार्टन मिले। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब के संबंध में मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया।
जांच के दौरान शराब की बोतलों पर ‘केवल हरियाणा में बिक्री के लिए’ अंकित पाया गया। इसके बाद पुलिस ने शराब की पूरी खेप के साथ ट्रेलर को जब्त कर मांडू थाना पहुंचाया।
पुलिस ने मामले में मांडू थाना कांड संख्या 180/26, दिनांक 8 अगस्त 2026 दर्ज किया है। मामले में भारतीय दंड विधान की धारा 272, 273, 34 तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही, ट्रेलर के मालिक, चालक और शराब की खेप से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन, मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुकमणी सहित मांडू थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ शराब की खेप के स्रोत और इसके संभावित नेटवर्क से जुड़े और भी तथ्य सामने आने की संभावना है।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: निर्मल महतो के शहादत दिवस पर भावुक हुए हेमंत सोरेन, बोले- अधूरा सपना पूरा करना है!