गोपालगंज: बैकुंठपुर प्रखंड के शीतलपुर में रिंग तटबंध टूटने की घटना के बाद जल संसाधन विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। विभाग ने लापरवाही के आरोप में कार्यपालक अभियंता मोहम्मद साजिद इकबाल, सहायक अभियंता जावेद और कनीय अभियंता विकास कुमार के खिलाफ कार्रवाई की है। तीनों को उनके वर्तमान दायित्व से हटाते हुए विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई है।
जारी आदेश के अनुसार कार्यपालक अभियंता और सहायक अभियंता को विभागीय मुख्यालय से अटैच किया गया है, जबकि कनीय अभियंता विकास कुमार को भोरे सिंचाई विभाग में स्थानांतरित करते हुए प्रतिनियुक्त किया गया है।
बताया गया कि 30 सितंबर की सुबह करीब 6:30 बजे शीतलपुर में रिंग तटबंध क्षतिग्रस्त होकर टूट गया था। इसके बाद गंडक नदी का बाढ़ का पानी आसपास के निचले इलाकों और गांवों में फैलने लगा। जलभराव के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में परेशानी बढ़ गई और तटबंध की निगरानी एवं रखरखाव को लेकर सवाल उठे।
घटना की जांच के लिए विभाग ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच टीम तटबंध टूटने के कारण, जलस्तर की स्थिति, तटबंध की तकनीकी स्थिति, पूर्व में भेजी गई रिपोर्टों तथा ड्यूटी पर तैनात अभियंताओं की निगरानी व्यवस्था की जांच करेगी।
विभाग के अनुसार जांच में यदि कर्तव्यहीनता या गंभीर लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जा सकती है। वहीं प्रभावित इलाकों में जलभराव को नियंत्रित करने और क्षतिग्रस्त तटबंध की मरम्मत का काम जारी है।
ये खबर भी पढ़े: जीविका के 20 साल पूरे होने पर लखीसराय में ‘नीतीश संवाद’, महिला सम्मान और स्वच्छता पर हुई चर्चा!
गोपालगंज से अनुज पाण्डेय की रिपोर्ट…