पटना: बिहार की राजनीति में अपने बेबाक बयानों के लिए चर्चित जेडीयू के पूर्व विधायक गोपाल मंडल ने एक बार फिर बड़ा सियासी बम फोड़ा है। विधानसभा परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को लेकर ऐसा बयान दिया, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
सम्राट चौधरी पर सवाल पूछे जाने पर गोपाल मंडल ने कहा, “मत बोलवाइए… मत बोलवाइए… सम्राट चौधरी हमको मरवा देंगे।” उन्होंने आगे आरोप लगाया कि सरकार के खिलाफ बोलने वालों को दबाने की कोशिश की जाती है।
गोपाल मंडल ने कहा कि “सरकार के विरोध में जो बोलेगा, उसके साथ क्या होगा आप लोग देख रहे हैं।” उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके साथ भी कार्रवाई हुई। उन्होंने दावा किया कि तेजस्वी यादव का घर लिया गया और सुरक्षा भी वापस ली गई।
हालांकि, अपने ही बयान के बाद गोपाल मंडल ने कहा कि उन्हें किसी से डर नहीं लगता। उन्होंने कहा, “मैं लड़ने वाला आदमी हूं, डरकर भागने वालों में से नहीं हूं।”
बांकीपुर हार पर भी साधा निशाना
गोपाल मंडल ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी की हार को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि बांकीपुर जैसे बुद्धिजीवी इलाके में जनता ने अपना फैसला सोच-समझकर लिया। उन्होंने दावा किया कि जंतर-मंतर आंदोलन समेत कई मुद्दों का चुनाव पर असर पड़ा।
उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में लोगों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चेहरे पर भरोसा जताया था, लेकिन इस बार राजनीतिक परिस्थितियां बदली हुई थीं। उनका कहना था कि “नीतीश कुमार का चेहरा नहीं था, इसलिए जनता ने अपना फैसला बदल दिया।”
अपने बयानों से हमेशा चर्चा में रहते हैं गोपाल मंडल
भागलपुर जिले के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रह चुके गोपाल मंडल अपने विवादित और बेबाक बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। 2025 के विधानसभा चुनाव में जेडीयू ने उन्हें टिकट नहीं दिया था।
उनके ताजा बयान के बाद बिहार की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने की संभावना है। हालांकि, सम्राट चौधरी या बीजेपी की ओर से इस बयान पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: सारण के नाम बिहार कबड्डी का ताज, रोमांचक फाइनल में बक्सर को हराकर बना जूनियर चैंपियन!