हजारीबाग: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर जारी विवाद के बीच हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने झारखंड से जुड़े कई अहम मुद्दों को केंद्रीय गृह मंत्री के सामने रखा। इनमें JPSC और JSSC-CGL भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता, छात्रों का आंदोलन, कानून-व्यवस्था, संगठित अपराध, अवैध नशे का कारोबार और खनिज संपदा की कथित लूट प्रमुख रहे।
JPSC-JSSC पर उठे सवाल, CBI जांच की मांग
सांसद मनीष जायसवाल ने गृह मंत्री को बताया कि JPSC और JSSC-CGL भर्ती परीक्षाओं को लेकर बड़े पैमाने पर अनियमितता और सीटों की कथित खरीद-बिक्री के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की राज्य सरकार द्वारा कराई जा रही CID जांच को लेकर अभ्यर्थियों और छात्रों में निष्पक्षता को लेकर सवाल हैं।
सांसद ने पूरे मामले की CBI से निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी, ताकि आरोपों की सच्चाई सामने आ सके और यदि कोई दोषी पाया जाए तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो।
5 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के भविष्य का सवाल
मनीष जायसवाल ने कहा कि भर्ती परीक्षा से जुड़ा मामला सिर्फ एक परीक्षा या कुछ अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के 5 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के भविष्य और उनके भरोसे से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगों और उनकी समस्याओं से भी केंद्रीय गृह मंत्री को अवगत कराया।
कानून-व्यवस्था और संगठित अपराध पर भी चर्चा
मुलाकात के दौरान झारखंड की कानून-व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। सांसद ने राज्य में बढ़ते संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों को लेकर चिंता जताई।
उन्होंने हजारीबाग और रामगढ़ समेत विभिन्न इलाकों में कथित रूप से फैल रहे अवैध नशे के कारोबार की ओर भी गृह मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया।
खनिज संपदा की कथित लूट का मुद्दा भी उठा
सांसद ने झारखंड की प्राकृतिक और खनिज संपदा से जुड़े मामलों को भी केंद्रीय गृह मंत्री के सामने रखा। उन्होंने खनिज संपदा की कथित लूट पर चिंता जताते हुए राज्य के प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा की आवश्यकता बताई।
युवाओं के भविष्य से समझौता नहीं
मुलाकात के बाद सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य, राज्य की कानून-व्यवस्था और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।
उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ झारखंड से जुड़े इन सभी मुद्दों पर विस्तृत और सार्थक चर्चा हुई है।